मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 26 मई को रतलाम आ रहे हैं। वे इसी दिन रात को बाजना पहुंचेंगे। यहां वे रात को बाजना सहित आसपास के 25 गांव को लोगों से बात करेंगे।
इस साल विधानसभा चुनाव होना हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 26 को मुख्यमंत्री चौहान रतलाम आ रहे हैं। वे जिलेभर में होने वाले 1 करोड़ से ज्यादा राशि के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे। इसके शिलालेख तैयार हो रहे हैं। सीएम यहां असंगठित श्रमिकों के सम्मेलन व जिला अंत्योदय मेले में शिरकत करेंगे। तेंदूपत्ता संग्राहक श्रमिकों को पादुका (जूते) पहनाकर उन्हें पानी की कुप्पी व साड़ी भेंट की जाएगी। मुख्यमंत्री उसी रात बाजना में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होंगे। वे रात को बाजना में ही रुकेंगे और सुबह रवाना होंगे।
रतलाम से हेलिकॉप्टर से बाजना जाएंगे सीएम
मुख्यमंत्री रतलाम के कार्यक्रम के बाद शाम को हेलिकॉप्टर से बाजना जाएंगे। एडीएम डॉ. बुंदेला ने बताया बाजना में आयोजन नए खेल मैदान में होगा। वहीं पास के खेत में हेलिपेड बनाया जा रहा है।