भावांतर योजना में प्याज की नीलामी रविवार को प्याज-लहसुन मंडी की जगह अनाज मंडी में हुई। छुट्टी के बाद भी सुबह 9.45 बजे से शाम 5 बजे तक चली। शाम तक 35 हजार कट्टों की नीलामी की गई। यह अब तक की रिकॉर्ड तोड़ नीलामी है। इसके पहले प्याज के इतने कट्टों की नीलामी नहीं की गई।
भावांतर योजना में प्याज की खरीदी 16 मई से शुरू हुई थी। सैलाना बस स्टैंड पर जगह कम होने से रोज 16 से 17 हजार कट्टे प्याज की नीलामी हो रही थी। इससे अनाज मंडी में ट्रैक्टर ट्रॉलियों को खड़ा कर 50-50 ट्रॉलियां प्याज-लहसुन मंडी में भेजकर नीलामी की जा रही थी। आवक ज्यादा होने से रविवार को महू रोड स्थित अनाज मंडी में प्याज की नीलामी की गई। नीलामी के दौरान बाहर भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी थी। पहले अंदर वाली ट्रॉलियों को नीलामी की गई। इसके बाद मंडी गेट के बाहर फोरलेन पर जो ट्रॉलियां खड़ी थीं, उन्हें भी अंदर किया गया। इसके बाद एक-एक कर सभी की नीलामी कर दी। शाम तक मंडी प्रशासन ने 35 हजार 300 कट्टों की नीलामी की। सोमवार को प्याज नीलामी की छुट्टी रहेगी। इससे अब भावांतर योजना में प्याज की खरीदी मंगलवार से फिर शुरू होगी।
अनाज मंडी में नीलामी के लिए लाइन में लगी ट्रैक्टर ट्रालियां।
सब्जी मंडी के 20 व्यापारी व 17 लोगों ने एक दिन में रिकॉर्ड तोड़ नीलामी की
अनाज मंडी में सुबह पौने दस बजे नीलामी शुरू हुई। 20 व्यापारी और सब्जी मंडी प्रभारी सहित 17 लोगों की टीम लगी और एक-एक ट्रॉली की नीलामी की गई। बड़े तौल कांटे पर तौल किया गया। इससे एक दिन में ही 35 हजार 300 कट्टे प्याज की नीलामी पूरी कर ली गई।
भावांतर में प्याज की आवक
16 मई 15,874
17 मई 16,952
18 मई 18,263
19 मई 17,697
20 मई 35,300
मंगलवार को प्याज-लहसुन मंडी में ही होगी नीलामी
मंडी सचिव एम.एल. बारसे ने बताया टीम ने पूरी ताकत से काम किया। रविवार की छुट्टी होने से लहसुन की नीलामी नहीं थी। इससे हमारा पूरा फोकस प्याज की नीलामी पर था। इससे एक दिन में 35,300 कट्टों की नीलामी कर दी। सोमवार को लोडिंग होगी। इससे प्याज की नीलामी नहीं होगी। नीलामी मंगलवार से होगी। इससे किसान मंगलवार सुबह या सोमवार शाम से प्याज लेकर आएं। मंगलवार को नीलामी प्याज-लहसुन मंडी में होगी।
आज प्याज लेकर ना आएं
सोमवार को नीलामी की छुट्टी रहेगी। इससे अब मंगलवार को होगी। इससे किसान सोमवार को प्याज लेकर ना आएं ताकि उन्हें परेशान नहीं होना पड़े। सब्जी मंडी प्रभारी राजेंद्र व्यास ने बताया सोमवार को प्याज की नीलामी नहीं होगी। इसकी जानकारी अनाउंसमेंट के जरिए किसानों की दी गई।