कभी धूप तो कभी रही छांव, दिन का तापमान बढ़कर 40.2 डिग्री पर पहुंचा
मौसम में फिर परिवर्तन होने लगा है। शनिवार को बादल होने से दिनभर कभी धूप तो कभी छांव की स्थिति बनी रही। तापमान में लगातार तीसरे दिन भी बढ़त रही। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में लगातार इजाफा होगा।
शनिवार को दिनभर तपिश रही। बीच-बीच में बादल आते-जाते रहे। अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रिकॉर्ड किया। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़त तो न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की कमी हो गई। इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. डीपी दुबे ने बताया आगामी दिनों में मौसम साफ होने से तापमान में लगातार इजाफा होगा।