नपती में मिला कब्जा, कलेक्टर ने एसडीएम को सौंपी जांच
सेंट्रल प्लाजा कॉलोनी में अवैध अतिक्रमण के मामले में कलेक्टर ने जांच एसडीएम को सौंप दी है। शनिवार को निगम के इंजीनियरों ने मौका-मुआयना कर वहां बन रहे बगीचे की नपती की। इंजीनियरों के मुताबिक बगीचे की जमीन से लगी 9 मीटर की रोड है जहां ब्लॉक व बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा किया गया है। इंजीनियर ने दोनों पक्षों को समझाइश दी।
80 फीट रोड स्थित सेंट्रल प्लाजा कॉलोनी में बन रहे बगीचे में निगम की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर उद्योग विभाग के अधिकारी व रहवासियों के बीच हुए विवाद का मामला गुरुवार को कलेक्टर तक पहुंचा था। इसमें हस्तक्षेप करने पर परियोजना अधिकारी का नाम भी सामने आया था। मामले में मंदसौर उद्योग विभाग के प्रबंधक आरएस जयंत व परियोजना अधिकारी एस. कुमार की शिकायत गुरुवार को रहवासियों ने कलेक्टर रुचिका चौहान से की थी। शनिवार को नगर निगम इंजीनियर सुहास पंडित ने नक्शे के हिसाब से क्षेत्र में नपती की। पंडित के मुताबिक कॉलोनी के बगीचे से लगकर ही 9 मीटर की रोड है। रोड पर बाउंड्री वाल बनाकर व ब्लॉक लगाकर कब्जा किया है। हमने दोनों ही पक्षों को समझाइश दी है। पार्षद पप्पू पुरोहित ने बताया चर्चा में कब्जा होना मिला है। बगीचे का निर्माण नक्शे के हिसाब से ही किया जाएगा। यदि रहवासी रोड बनाने की मांग करते हैं तो उसके लिए भी कार्रवाई की जाएगी। शिकायत के संबंध में कलेक्टर रुचिका चौहान ने अतिक्रमण के मामले में एसडीएम को जांच सौंपने की बात कही है।