ऊपरी हवा के चक्रवात का असर कमजोर, 1 डिग्री बढ़ गया दिन का तापमान
ऊपरी हवा का चक्रवात अब कमजोर होने लगा है। रविवार को दिन के तापमान में 1 डिग्री की बढ़त हो गई। तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ ही शहर के व्यस्ततम बाजारों में सूनापन रहा। नौलाईपुरा में ग्राहकों को धूप से बचाने के लिए यहां व्यापारियों ने ग्रीन मेट से छाया कर रखी है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.2 व न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शनिवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़त तो न्यूनतम स्थिर रहा। इस दिन अधिकतम 40.2 डिग्री व न्यूनतम 23.2 डिग्री रहा था। सुबह आर्द्रता 44 व शाम को 16 प्रतिशत रही। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. डीपी दुबे ने बताया मध्यप्रदेश व गुजरात में बने ऊपरी हवा के चक्रवात व अरब सागर से आ रही नमी के कारण तापमान में बढ़त बनी हुई थी। अब चक्रवात कमजोर होने लगा है। इससे आगामी दिनों में तापमान में बढ़त की संभावना है।