महिला झुलसी, पति पर केरोसिन डालकर आग लगाने का आरोप
जिला अस्पताल में रविवार शाम बिजली नहीं होने से झुलसी महिला को अंधेरे में ही उपचार कर स्लाइन चढ़ाई गई। पल्स रेट मशीन सहित अन्य उपकरण बंद हो गए थे।
भास्कर संवाददाता | रतलाम
कल्याण नगर में आग से झुलसी महिला को परिजन ने रविवार शाम करीब 6.00 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ड्यूटी डॉक्टर एस.एस. गुप्ता ने बताया 80 प्रतिशत झुलसने के कारण महिला की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार महिला वंदना पति रवि गोस्वामी (25) निवासी कल्याण नगर का आरोप है कि पति ने उसपर केरोसिन डालकर आग लगा दी। पति रवि ने बताया वह दीनदयाल नगर कंट्रोल दुकान में सेल्समैन का काम करता है। राजस्थान के बारा जिले के ग्राम देवरी निवासी वंदना से सन् 2011 में शादी हुई थी। उनकी साढ़े पांच वर्षीय बेटी नंदिनी है। रवि ने बताया रविवार को वह घर पर सो रहा था। वंदना के चिल्लाने पर नींद खुली तो उसे आग की लपटों में घिरा देखा। आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया।