104 फीट का फोरलेन बनना शुरू, वन विभाग के सामने की पुलिया चौड़ी होगी
बाजना बस स्टैंड फोरलेन बनाने का काम शुक्रवार से शुरू हो गया। कलेक्टर ने तय डीपीआर के अनुसार 104 फीट का ही रोड बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 104 फीट का फोरलेन बनाने का विरोध और 80 फीट का फोरलेन बनाने की मांग पर विराम लग गया। शुक्रवार को वन विभाग के कार्यालय के सामने स्थित पुलिया की लंबाई-चौड़ाई बढ़ाने का काम पीडब्ल्यूडी ने शुरू कर दिया है।
छह महीने पहले बाजना बस स्टैंड से लेकर वरोठ माता मंदिर तक 3.6 किमी का फोरलेन 104 फीट का बनाने की स्वीकृति हुई थी। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों ने 104 फीट रोड का विरोध करते हुए 80 फीट का फोरलेन बनाने की मांग शुरू कर दी। कुछ लोग कोर्ट तक पहुंच गए। उनका कहना था फोरलेन के लिए निजी जमीन ली जा रही है। प्रशासन ने निजी जमीन पर एमओएस का पालन कराने का पक्ष रखा। आखिर कोर्ट से निर्णय आते ही पिछले महीने जिला प्रशासन ने लोगों के घर-दुकान पर 3 से 8 फीट तक तोड़ दिए। इसे लेकर राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी व कांग्रेस ने विरोध भी किया। इसके चलते काम रुक गया लेकिन नई कलेक्टर रुचिका चौहान के शुक्रवार को दिए निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने फिर से काम शुरू कर दिया है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है शनिवार को दोनों तरफ 52-52 फीट पर नाली बनाने के लिए लाइनिंग डाली जाएगी।
आंकड़ों में फोरलेन
56 किमी टू लेन बाजना बस स्टैंड से लेकर बाजना से आगे तक बनाया जाएगा।
3.6 किमी (56 में से ही) फोरलेन बाजना बस स्टैंड से वरोठ माता मंदिर तक बनाया जाएगा।
95 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा टू लेन
113 करोड़ रुपए की लागत फोरलेन सहित आएगी
600 मीटर, बाजना बस स्टैंड से रेलवे पुलिया से आगे तक मकान-दुकान का अलगा हिस्सा तोड़ा गया है
52-52 फीट दोनों तरफ रोड के सेंटर जगह ली जा रही है
40-40 फीट सीसी रोड बनेगा दोनों तरफ
7-7 फीट के शोल्डर मुरम-गिट्टी से बनेंगे
20 मीटर चौड़ी और 6 मीटर ऊंची होगी पुलिया
वन विभाग कार्यालय के सामने 5 मीटर चौड़ी पुलिया को 20 मीटर चौड़ा करने काम शुक्रवार से शुरू कर दिया। 4 मीटर ऊंची यह पुलिया 6 मीटर ऊंची होगी। काम शुरू करने के लिए दोनों तरफ रास्ता रोक दिया और साइड से वैकल्पिक रास्ता दिया है।
कलेक्टर ने डीपीआर अनुसार रोड बनाने के निर्देश दिए हैं
कलेक्टर ने डीपीआर अनुसार रोड बनाने के निर्देश दिए हैं। रोड से मलबा हटाने के साथ वन विभाग कार्यालय के सामने की पुलिया का काम शुरू कर दिया है। शनिवार को रोड के बीच से 52-52 फीट नाली बनाने के लाइनिंग डाली जाएगी। जफर बेग मिर्जा, प्रभारी एसडीएम पीडब्ल्यूडी
रोड बनाने के साथ पेड़ों का ट्रांसप्लांटेशन भी शुरू होगा
बाजना बस स्टैंड फोरलेन का काम डीपीआर के अनुसार शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं। जितने समाजसेवी आगे आए हैं उनके सहयोग से पेड़ ट्रांसप्लांट करने का काम भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। रुचिका चौहान, कलेक्टर