पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • नींद में ड्राइवर ने चला दी जीप, बोनट पर सो रहा युवक गिरा, पहिए की चपेट में आने से हुई मौत

नींद में ड्राइवर ने चला दी जीप, बोनट पर सो रहा युवक गिरा, पहिए की चपेट में आने से हुई मौत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झाबुआ रोड पर उंडवा में होटल के पास सो रहे ड्राइवर ने शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे नींद में पिकअप चला दी। बोनट पर सो रहा 18 वर्षीय युवक गिरा और पहिये की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर पिकअप भगा ले गया। बिलपांक थाने में प्रकरण दर्ज किया है।

एसआई आर.एस. मेहड़ा ने बताया उंडवा में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे भेरूलाल गुर्जर की होटल के पास 18 वर्षीय युवक की लाश मिली। अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। होटल संचालक भैरूलाल ने पुलिस को बताया झाबुआ जिले के बरबेट (रायपुरिया) का निवासी पिकअप चालक जितेंद्र गुरुवार रात दो युवकों के साथ भोजन करने आया था और रात को तीनों पिकअप में ही सो गए।

सूचना पर एसआई मेहड़ा ने घटना की जानकारी दी तो बरबेट से आए परिजन ने मृतक की शिनाख्त ओमप्रकाश पिता देवाजी दायमा (18) के रूप में की। ओमप्रकाश के चचेरे भाई दलिया पिता बल्लू ने पुलिस को बताया बरबेट (रायपुरिया) निवासी राजू के टमाटर लेकर गुरुवार को पिकअप चालक जितेंद्र के साथ ओमप्रकाश और दलिया भाटपचलाना मंडी गए थे। टमाटर बेचकर तीनों पिकअप (एमपी 45 जी 0268) से लौट रहे थे। रात को देरी होने पर उंडवा में भोजन करने के बाद होटल के पास ही जीप में सो गए।

ओमप्रकाश बोनट पर, चालक जितेंद्र पिकअप के अंदर और दलिया पीछे कैरियर में सो रहा था। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे चालक जितेंद्र ने नींद में पिकअप चला दी और बोनट पर सो रहा ओमप्रकाश नीचे गिरा और पहिये की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक पिकअप भगा ले गया। पिकअप में पीछे कैरियर में सो रहा ओमप्रकाश का भाई दलिया भी नींद में साथ चला गया। सुबह करीब 5 बजे संचालक भैरू गुर्जर होटल खोलने आया तो ओमप्रकाश का शव देख पुलिस को सूचना दी।

खबरें और भी हैं...