टंकियां समय पर नहीं भरने से आज भी देरी से मिलेगा पानी
पानी की टंकियां देरी से भरने से शहर में सोमवार को भी एक से दो घंटे देरी से जलप्रदाय होगा। इससे लोगों को पानी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। इधर धोलावड़ में इंटकवेल पंप की रिपेयरिंग का काम रविवार रात को भी चलता रहा और निगम का अमला जुटा रहा। इससे देरी से पानी की टंकियां भर पाईं जिसका असर सोमवार की सप्लाई पर नजर आएगा।
डैम के नए इंटकवेल की तीनों टर्बाइन खराब होने से शहर की जल प्रदाय व्यवस्था गड़बड़ा गई है। शनिवार के बाद रविवार को भी शहर में तीन घंटे देरी से पानी सप्लाई हुआ। इससे लोगों को इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत पटरी पार के इलाकों में हुई। यहां तीन से चार घंटे देरी से लोगों को पानी मिला। इससे लोगों को सारे काम छोड़कर पानी भरना पड़ा। धोलावड़ में रविवार दिनभर इंटकवेल के पंपों की रिपेयरिंग जारी रही। शाम को नगर निगम आयुक्त एस. के. सिंह भी धोलावड़ पहुंचे और पंप रिपेयरिंग काम को देखा। कार्यपालन यंत्री सुरेश व्यास, जल प्रदाय विभाग प्रभारी सत्यप्रकाश आचार्य, जोन प्रभारी नीरज यादव आदि मौजूद थे।