किसान सम्मेलन आज, 200 रुपए के मान से किसानों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में 2016-17 में गेहूं उपार्जन पर प्रति क्विंटल 200 रुपए के मान से किसानों को प्रोत्साहन राशि मिलना है। प्रोत्साहन राशि के प्रमाण पत्र का वितरण 16 अप्रैल को महू रोड स्थित कृषि उपज मंडी में होगा। इस दौरान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
मंडी परिसर में सुबह 11 बजे से होने वाले जिला सम्मेलन के मुख्य अतिथि नर्मदा घाटी विकास मंत्री लालसिंह आर्य, सांसद कांतिलाल भूरिया, सांसद सुधीर गुप्ता होंगे। कृषि विभाग के मुताबिक सीएम शिवराजसिंह चौहान कृषक समृद्धि योजना अन्तर्गत रबी 2016-17 के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूं पर 200 रुपए प्रति क्विंटल के मान से कृषकों को प्रोत्साहन राशि का वितरण राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में शाजापुर में करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में भी दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कृषकगण तथा नागरिक शामिल होंगे।