मालगाड़ी को धक्का लगाने के लिए पीछे चल रहा इंजिन बेपटरी
लोडेड मालगाड़ी को धक्का मारने के लिए पीछे चल रहा इंजिन गाड़ी के अचानक रुकने से उससे टकरा गया और पटरी से उतर गया। कंट्रोल को सूचना मिलने पर राहत दल भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दो घंटे की मशक्कत के बाद इंजिन पटरी पर चढ़ाया गया।
घटना शुक्रवार शाम 4.15 बजे डाउन यार्ड की लाइन नंबर चार की है। इस पर लोडेड मालगाड़ी खड़ी थी, जिसे नागदा की तरफ रवाना होना था। लोड ज्यादा होने पर यार्ड स्टेशन मास्टर ने लाइन नंबर तीन पर मौजूद शटिंग इंजिन के ड्राइवर को मालगाड़ी को पीछे से धकेलने का कहा। जब तक इंजिन लाइन नंबर चार पर खड़ी मालगाड़ी तक पहुंचता, ट्रेन ने आगे बढ़ना शुरू कर दिया था। बताया जा रहा कि ड्राइवर द्वारा इसकी जानकारी देने पर भी सेफ्टी नियमों के विरुद्ध मास्टर ने उसे इंजिन को धीरे-धीरे मालगाड़ी पीछे चलाने और जरूरत होने पर धक्का देने की हिदायत दी। ड्राइवर इंजिन मालगाड़ी के पीछे चला रहा था, तभी ट्रेन अचानक रुक गई। इससे इंजिन मालगाड़ी से टकरा गया और आगे के पहिये पटरी से उतर गए। डाउन यार्ड की लाइन होने से यातायात प्रभावित नहीं हुआ।