सीएम के कार्यक्रम में 250 की जगह 100 बसें जाएंगी शाजापुर
शाजापुर में 16 अप्रैल को कृषक समृद्धि योजना का राज्यस्तरीय कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शामिल होंगे। आयोजन में यहां से लोगों को भेजने के लिए शासन ने पहले 250 बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे लेकिन जब बस ऑनर्स एसोसिएशन ने 18 अप्रैल को आखातीज पर बड़ी संख्या में होने वाली शादियों की बरात में बसें लगने का हवाला दिया तो शासन ने 100 बसें वो भी खाली ले जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में 250 भरी बसें शाजापुर भेजने के निर्देश मिलने पर जिला प्रशासन ने आरटीओ जया वसावा को बसों की व्यवस्था के निर्देश दिए। सूचना पर बस संचालकों ने आरटीओ को पुराना बकाया देने के साथ ही आखातीज की शादियों में बरात में बसों के लगने का हवाला दिया। इसी बीच शासन से 250 भरी बसों के बजाय 100 खाली बसें शाजापुर भेजने के निर्देश आ गए। यह बसें 15 अप्रैल शाम को लेकर उसी रात शाजापुर भेजी जाएंगी। इन्हें 16 अप्रैल की शाम को वापस किया जाएगा। एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला ने बताया शासन के निर्देश पर बसों की संख्या कम कर दी है। शासन से भुगतान होते ही राशि दे दी जाएगी।
परेशानी
बस संचालकों का कहना भले ही बसें कम कर दीं लेकिन 18 अप्रैल को आखातीज पर बरात ले जाने वाली बसों की होगी दिक्कत
यह है कृषक समृद्धि योजना
कृषक समृद्धि योजना में जिन किसानों ने पिछले साल समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचे उन्हें 200 रुपए प्रति क्विंटल और दिए जा रहे हैं। जिले में ऐसे 9722 किसान हैं। रुपए सीधे खाते में आएंगे। जिलास्तर का कार्यक्रम रतलाम मंडी में आयोजित जाएगा और सभी मंडियों में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संबोधन सुनाया जाएगा।
पुराना 1.40 करोड़ और पिछले 10-10 हजार बाकी
बस ऑनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष बलवंत भाटी ने बताया सरकारी यात्राओं का पहले का 1.40 करोड़ रुपया बकाया है। शासन से रुपया आने के बाद भी अधिकारी भुगतान में देरी करते हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से कर रखी है। पिछली बार भोपाल के प्रशासन ने 25-25 हजार रुपए में बसें बुक की थीं। 15 हजार नकद दिए और 10 हजार खाते में आने का कहा था लेकिन अब तक एक रुपया नहीं आया। रतलाम से खाली बसें शाजापुर भेजी और फिर बसें वहां से भोपाल गई थीं। इसकी बुकिंग 35-35 हजार रुपए में की गई। इसमें 25-25 हजार नकद दे दिए लेकिन 10 हजार रुपए अभी तक नहीं मिले हैं। हमने प्रशासन को आखातीज की शादियों में बसें लगी होने के बारे में बताया है। बसों की संख्या भले ही कम कर दी हो लेकिन अभी बरात में बसें भेजने में दिक्कत आएगी।