कर्नाटक के जलाहल्ली इलाके के एक घर में करीब 10 हजार वोटर आईडी कार्ड मिलने से पूरे देश में हड़कंप है। इस बीच भारत निर्वाचन आयोग ने हर वोटर आईडी कार्ड की जांच के आदेश दिए हैं। आगामी दिनों में विधानसभा के चुनाव होना हैं। इससे शहर में भी बीएलओ घर-घर जाकर वोटर आईडी की जांच करेंगे। वे एक रजिस्टर में एंट्री करेंगे और घर के मुखिया की साइन कराएंगे। यदि संशोधन होगा तो वह भी किया जाएगा। नए नाम भी जोड़े जाएंगे। यह काम 20 जून तक चलेगा। इसके बाद नई वोटर लिस्ट का प्रकाशन होगा।
वोटर आईडी कार्ड की जांच के पहले गुरुवार को जनपद सभागृह में बीएलओ और सुपरवाइजरों की बैठक हुई। एसडीएम अनिल भाना की मौजूदगी में हुई बैठक में मास्टर ट्रेनर्स प्रोफेसर अनिल जैन, वी. एस. बामनिया और सुधांशु पुरोहित ने बीएलओ को जांच की जानकारी दी। उन्होंने कहा हर घर पहुंचकर पूरे परिवार की जानकारी लें और कोई मतदाता कहीं चला गया हो तो उसकी भी एंट्री करें और मुखिया से साइन कराएं। उनके मोबाइल नंबर भी लें। तीन सत्र में हुई ट्रेनिंग में 257 बीएलओ के साथ ही 23 सुपरवाइजर शामिल हुए।