भैरूगढ़ और रावटी के बीच अवध एक्सप्रेस से गिरने पर घायल युवक की गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह गोरखपुर से अहमदाबाद जा रहा था। पुलिस ने घटना की जानकारी गोरखपुर निवासी परिजन को दी। जीआरपी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार घटना में अशोक पिता राजेंद्र निषाद (35) निवासी पंडितपुर जिला गोरखपुर की मौत हुई है। रावटी और भैरूगढ़ के बीच पोल नंबर 618/29 के पास घायल हालत में मिलने पर गुरुवार सुबह उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोपहर 12.40 बजे मौत हो गई। चचेरे भाई मनदीप ने बताया अहमदाबाद में अशोक फेब्रिकेशन का काम करता है। मजदूरी के लिए दोनों भाई बुधवार को अवध एक्सप्रेस से अहमदाबाद जा रहे थे। भीड़ के कारण अशोक गेट पर खड़ा था। अचानक झटका लगने पर ट्रेन से गिरा। चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई और वह भी उतर गया।