अगले महीने होने वाले किसान आंदोलन को देखते हुए पुलिस अभी से सतर्क हो गई है और गांव-गांव में पहुंच पुलिस संवाद कार्यक्रम कर रही है।
गुरुवार रात करमदी में पुलिस संवाद कार्यक्रम हुआ। सीएसपी विवेकसिंह चौहान ने किसानों से समस्या पूछी। सीएसपी ने किसानों से कहा आप लोग ट्रैक्टर ट्रॉलियां चलाते हैं। दुर्घटना को देखते हुए ट्रॉलियों के पीछे रेडियम लगाकर चलाएं ताकि दुर्घटना ना हो। हेलमेट लगाकर वाहन चलाएं। आपके गांव में छेड़छाड़ की घटनाएं तो नहीं होती हैं। इस पर ग्रामीणों ने कहा नहीं होती है। ग्रामीणों ने करमदी ट्रेंचिंग ग्राउंड की समस्या बताते हुए कहा रास्ते में ट्रेंचिंग ग्राउंड होने से कुत्तों का आतंक है। सड़क तक कचरा आने से आने-जाने में दिक्कत होती है। इस पर सीएसपी बोले ये नगर निगम के अधिकार क्षेत्र का मामला है। इसके बाद भी निगम अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जाएगा। करमदी में निकल रहे हाईवे को देखते हुए प्लास्टिक के स्पीड ब्रेकर लगाने का भरोसा दिलाया। सीएसपी ने किसानों से कहा कि भाव में उतार चढ़ाव तो बना रहता है। आप सभी लोग संयम बनाकर रखें और कुछ परेशानी हो तो हमें बताएं। शाम 7 बजे शुरू हुआ संवाद रात 8 बजे तक चला। इस मौके पर माणकचौक थाना प्रभारी नरेंद्र यादव के साथ सरपंच विनोद वर्मा, पूर्व सरपंच अंबालाल पाटीदार, मनोहर राजपुरोहित, डाडम पाटीदार, प्रहलाद पाटीदार, उच्छबलाल पाटीदार, समाजसेवी राजेश पुरोहित, विनोद पाटीदार, धर्मेंद्र शर्मा, विनोद शर्मा, विष्णु बाई, भागवंता बाई, जितेंद्र राव, भेरूलाल राठौर, कन्हैयालाल वाघेला आदि मौजूद थे।
करमदी में पुलिस संवाद में ग्रामीणों की समस्या सुनते सीएसपी।