पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • 1 जून से किसान संगठन रोकेंगे दूध सब्जी, 6 को होगी कांग्रेस की सभा

1 जून से किसान संगठन रोकेंगे दूध सब्जी, 6 को होगी कांग्रेस की सभा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
किसान अांदोलन को लेकर इस बार भी प्रशासन हल्के में ही ले रहा है। 1 जून से किसान संगठन गांव-गांव बंद रखने बात कह रहे हैं। उनकी मांग कर्जमाफी और फसलों के बेहतर दाम देने की है। इधर, किसान आंदोलन में गोलीकांड को 6 जून को एक साल पूरा हो जाएगा। इसको लेकर राजनीतिक पार्टियां भी सक्रिय हो गई हैं। 6 जून को ही कांग्रेस की सभा भी प्रस्तावित है। इस संबंध में सिंधिया खेमे के नेताओं की बैठक भी हुई। इधर मामले में कलेक्टर ने कहा कानून व्यवस्था पर नजर है, हालात नहीं बिगड़ने देंगे। ‘मुद्दे’ पर भास्कर ने किसान संगठन, प्रशासन, राजनीतिक दलों के नेताओं से चर्चा की।

मल्हारगढ़ तहसील के बालागुढ़ा में किसान आंदोलन को लेकर बैठक हुई। किसान नेता अमृतराम पाटीदार ने ग्रामीणों को 1 जून से शहरों में दूध, अनाज, सब्जी नहीं ले जाने को कहा। भारतीय किसान यूनियन अध्यक्ष भगतसिंह बोराना रणायरा ने बताया इस बार 1 जून से अनिश्चितकालीन ग्राम बंद करेंगे। किसान भी शहरों में नहीं जाएंगे ना सड़कों पर आएंगे ना बाजार जाएंगे। शनिवार को उज्जैन में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से भी बात हुई है।

कर्जमाफी और फसलों के बेहतर दाम देने की मांग को लेकर फिर होगा अांदोलन

मल्हारगढ़ तहसील के बालागुढ़ा में अमृतराम पाटीदार ने युवा, किसानों से तैयार रहने को कहा।

सभा के लिए 1 लाख से ज्यादा लोगों का लक्ष्य

इधर, कांग्रेस के सिंधिया खेमे के नेताओं की बैठक शनिवार दोपहर संस्कार गार्डन में हुई। इसमें प्रदेश प्रतिनिधि के.के. सिंह कालूखे़ड़ा की उपस्थिति में तैयारियों पर चर्चा की गई। कालूखेड़ा ने कहा एक लाख से अधिक लोगों को लाने का लक्ष्य लेकर चलना होगा। वरिष्ठ नेताओं को टारगेट भी दिए। अगर मंदसौर का प्रशासन धारा 144 लगाकर 6 जून की सभा अनुमति निरस्त करता है तो रतलाम के ढोढर में विकल्प रहेगा। इससे वरिष्ठ नेताओं को आवागमन में सुविधा रहे। सभा को वरिष्ठ नेता कीर्तिशरणसिंह कालूखेड़ा, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्रसिंह गौतम, नीमच के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सेठी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश काला, उपाध्यक्ष शंकरलाल आंजना, जनपद उपाध्यक्ष परशुराम सिसौदिया ने भी संबोधित किया।

चौथे दिन भी जारी रहा परूलेकर का धरना- पिपलियामंडी| किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर गोली चलाने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठी महिदपुर की पूर्व विधायक कल्पना परूलेकर का धरना चौथे दिन भी जारी रहा।

दलों की तैयारियों पर एक नजर

कांग्रेस : 6 जून को पिपलियामंडी के पास कांग्रेस की सभा। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत वरिष्ठ नेता आएंगे।

भाजपा : सीएम शिवराजसिंह चौहान के कार्यक्रम की तारीख में लगातार बदलाव हो रहा। अधिकृत कार्यक्रम आना बाकी है। माह के अंतिम सप्ताह में वे किसान, मजदूरों का सम्मेलन लेंगे।

किसान संयुक्त संघर्ष समिति : 92 किसान संगठन समिति से जुड़े हैं। राष्ट्रीय नेता योगेंद्र यादव, मेघा पाटकर समेत कई नेता आ सकते।

आम आदमी पार्टी : राज्यसभा सदस्य संजयसिंह समेत प्रदेशस्तर के नेता भी आने की तैयारी में।

पाटीदार समाज : किसान आंदोलन में गोलीकांड में मारे गए 6 में से 5 लोग पाटीदार समाज के थे। गुजरात के हार्दिक पटेल भी सभा में आ सकते।

संगठनों की मीटिंग जानकारी में नहीं

किसान संगठनों की मीटिंग का विषय मेरी जानकारी में है। कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने देंगे। प्रशासन सचेत है, पर्याप्त फोर्स है। सभा करना सबका लोकतांत्रिक अधिकार है, जहां तक कांग्रेस की सभा की बात है, उसके लिए पिपलिया के पास स्थल को लेकर प्रशासन की ओर से लिखित परमिशन भी दी जा चुकी है। ओमप्रकाश श्रीवास्तव, कलेक्टर, मंदसौर

खबरें और भी हैं...