चुनावी साल में मुख्यमंत्री चौहान किसानों को मनाने में लगे हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 26 मई को रतलाम आएंगे। वे उस रात बाजना में रात्रि चौपाल कर ग्रामीणों से चर्चा करेंगे। रात वहीं रूककर सुबह रवाना होंगे। चौपाल में मुख्यमंत्री ग्रामीणों से खासकर किसानों से सीधे बात करेंगे। किसानों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे कामों की जानकारी देने के साथ किसानों से समस्याएं पूछेंगे।
मंदसौर-रतलाम से पिछले साल किसान आंदोलन होने से मुख्यमंत्री यहां ज्यादा ध्यान दे रहे हैं ताकि इस क्षेत्र में फिर कोई आक्रोश नहीं फैले। अगले शनिवार को मुख्यमंत्री चौहान यहां आ रहे हैं। अब उन्होंने बाजना में रात रूकने और चौपाल का कार्यक्रम जोड़ दिया है। रतलाम में मुख्यमंत्री चौहान जिलेभर में 1 करोड़ की लागत से ज्यादा वाले निर्माण कार्यों को भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे। असंगठित श्रमिकों का सम्मेलन, जिला अंत्योदय मेला भी आयोजित किया जाएगा। जिले के तेंदूपत्ता संग्राहक श्रमिकों को पादुका (जूते) पहनाने के साथ ही उन्हें पानी की कुप्पी और साड़ी भेंट की जाएगी। रतलाम में आयोजन शाम को होगा और फिर वे बाजना जाएंगे और चौपाल पर चर्चा कर रात वहीं गुजारेंगे। टाइम-टू-टाइम कार्यक्रम एक दिन पहले जारी होगा।
मुख्यमंत्री के दौरे के चलते विधायक संगीता चारेल व कलेक्टर रुचिका चौहान ने रावटी-बाजना पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
छोटे लोकार्पण-भूमि पूजन नहीं करेंगे सीएम
सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि 1 करोड़ से ऊपर के कामों का लोकार्पण-भूमिपूजन सीएम से करवाया जाएगा। क्योंकि ऐसे निर्देश सीएम कार्यालय से मिले हैं। सूची सोमवार तक विभागों से मांगी है। इसके बाद जिला प्रशासन निरीक्षण करेगा और देखेगा कहीं कोई कमी तो नहीं है।
ओडीएफ सहयोगी को पुरस्कृत करने बना रहे सूची - कलेक्टर चौहान ने बताया जनपद से गांव तक खुले में शौच से मुक्त करने में सहयोग करने वाले समाजसेवियों, सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों को मुख्यमंत्री चौहान सम्मानित करेंगे। हर ब्लाॅक से सूची मंगवाई है। सभी को प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा।