जूनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में हुए आयोजन में सम्मानित महिलाएं।
भास्कर संवाददाता | रतलाम
रेलवे कॉलोनी स्थित जूनियर रेलवे इंस्टिट्यूट में शनिवार को सुर संगम समिति द्वारा नायिका सम्मान समारोह का आयोजन किया। आयोजन में ट्रैकमैन, चतुर्थ श्रेणी सहित अन्य 33 महिलाओं का सम्मान किया।
मुख्य अतिथि शहर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अदिति दवेसर व विशेष अतिथि पत्रकार हरिनाथ द्विवेदी, आशीष पाठक, शरद गुप्ता, जलज शर्मा, सहायक वाणिज्य प्रबंधक नीलादेवी झाला, मंडल कार्मिक अधिकारी पीके गोपीकुमार थे। स्वागत भाषण जेसी बैंक डायरेक्टर इंदू सिन्हा ने दिया। नीलादेवी झाला ने कहा सम्मान की असली हकदार समाज की यही महिलाएं हैं। उन्होंने समाज में सिर उठाकर जीना व सक्षम बनने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि अदिति दवेसर ने कहा ट्रैकमैन महिलाएं व चतुर्थ श्रेणी की महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। यह एक नया संदेश है। इन्हें आमतौर पर सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा कभी सम्मानित नहीं किया जाता। संचालन हितेश बक्षी व अंकिता बक्षी ने किया।