मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शनिवार को पाॅलीथिन को लेकर कार्रवाई की। टीम धानमंडी सहित अन्य दुकानों पर पहुंची और माल जब्ती में लिया। टीम ने पाॅलीथिन का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों पर 3 से 5 हजार रुपए का जुर्माना किया है।
बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय उज्जैन के देवेंद्र सोलंकी, एम.एल. पाठक, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी ए.पी. सिंह धानमंडी की दुकानों पर पहुंचे और पालीथीन की जांच की और इन्हें जब्ती में लिया। इसके बाद जुर्माना किया। रसीद पर जुर्माने का कोई जिक्र नहीं होने से व्यापारी नाराज हो गए। व्यापारियों ने अधिकारियों से कहा आप माल तो जब्ती में ले रहे हो लेकिन पंचनामा नहीं बना रहे आखिर क्यों। रसीद पर जानकारी नहीं लिख रहे हो कि किस बात का जुर्माना किया जा रहा है। आप हमारी दुकानों में घुस रहे हैं और पॉलीथिन जब्त कर रहे हो। आखिर किस अधिनियम में जब्त कर रहे हो। आप दुकानों पर तो पाॅलीथिन जब्ती करने आ जाते हो लेकिन बताओ कि अब तक कितनी फैक्ट्री बंद कराई जहां पाॅलीथिन बनती है। अधिकारी कोई जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद अधिकारी रवाना हो गए। व्यापारी इसकी शिकायत मंगलवार को कलेक्टर को करेंगे।
धानमंडी में कार्रवाई करती प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम।
8 हजार का जुर्माना
टीम ने कार्रवाई में 8 हजार रुपए का जुर्माना किया है। नाकोड़ा प्लास्टिक, भोलेनाथ किराना, कैलाशचंद्र, रमेशचंद्र, मां भगवती दूध भंडार से पॉलीथिन की थैलियां जब्त की और इन सभी पर 8 हजार रुपए का जुर्माना किया।