रतलाम | ध्यानयोगी महर्षि उत्तम स्वामीजी के सान्निध्य में बांगरोद और बिरमावल में दो दिवसीय कार्यक्रम होगा। जिले सहित आसपास के जिलों के गुरु भक्त शामिल होंगे। आयोजनकर्ता वनांचल मित्र मंडल भोपाल के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जीएस डामोर ने बताया 20 मई को शाम 6 बजे से बांगरोद के हनुमान मंदिर के सामने कार्यक्रम होगा। कलश यात्रा निकाली जाएगी। गुरु दर्शन, प्रवचन और प्रसादी का आयोजन होगा। मप्र वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी, मप्र कृषक आयोग अध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, भाजपा नेता अशोक जैन लाला, राजमल जैन सूर्या, शांतिलाल पाटीदार, समरथ पाटीदार मौजूद रहेंगे। 21 मई को सुबह 10 बजे से जीएस डामोर मित्र मंडल के तत्वावधान में कामधेनु गोशाला सेवा मंडल बिरमावल के सहयोग से कामधेनु गोशाला में धार्मिक आयोजन होंगे। पहले स्वामीजी के सान्निध्य में कलश यात्रा निकाली जाएगी यह गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके बाद गोमाता पूजन, गुरु दर्शन और प्रवचन, भोजन प्रसादी का आयोजन होगा।