भावांतर में प्याज और समर्थन मूल्य पर चल रही चने की खरीदी का शनिवार को एनआरएचएम एमडी और सरकारी खरीदी के जिला प्रभारी एस. विश्वनाथन ने निरीक्षण किया।
जिला प्रभारी दोपहर 1.30 बजे अनाज मंडी पहुंचे। चने की खरीदी का निरीक्षण किया। किसानों ने बताया छोटे कांटे पर तौल होने से समय लग रहा है। उन्होंने किसानों को बड़े तौल कांटे पर तौल शुरू करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद मंडी स्थित पंजीयन केंद्र देखा। यहां से वे दोपहर 2 बजे सैलाना बस स्टैंड स्थित प्याज एवं लहसुन मंडी पहुंचे और भावांतर में चल रही प्याज की खरीदी का जायजा लिया। प्याज तौल रहे किसान से पूछा कब से आए हो तो जवाब मिला चौथा दिन है।
सहायक सचिव सत्यनारायण गोयल ने तौल में लग रहे समय की जानकारी देते हुए बताया पहले नीलामी होती है। एडीएम ने कहा बड़े कांटे पर तौल करने पर चर्चा की जाएगी। एडीएम ने बोला शाम को फैसला लेंगे तो किसान बोले आप समझदार हो। एडीएम बोले मैं भी किसान हूं।
लहसुन का तौल देखा
जिला प्रभारी ने लहसुन खरीदी स्थल पहुंचे किसानों से पूछा आपका माल बिक गया है। तो बोला बिक गया लेकिन भाव कम मिल रहे। एडीएम बोले इसलिए तो सरकार भावांतर में लहसुन खरीद रही है। मंडी सचिव एम. एल. बारसे, सब्जी मंडी प्रभारी राजेंद्र व्यास भी मौजूद थे।
आज भी तुलेगा प्याज
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया जो किसान माल लेकर आए उनका माल रविवार को तौला जाएगा। सोमवार को नया माल नहीं लिया जाएगा।
टोकन बांटे ताकि किसान परेशान न हो
करमदी के राजेश पुरोहित एवं रिंगनिया के अरविंद पाटीदार ने जिला प्रभारी से प्याज खरीदी में टोकन बांटने की मांग की है। दोनों ने बताया कोई किसान आए तो उसे टोकन दे दिया जाए। ताकि वो उस दिनांक को अपना प्याज लेकर आए। इससे किसानों को भी सुविधा होगी और मंडी प्रशासन की भी व्यवस्था नहीं बिगड़ेगी। मंडी में 500 से ज्यादा ट्रालियां खड़ी है ।