रतलाम होते हुए इंदौर से लिंगमपल्ली जाने वाली हमसफर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन 26 मई से शुरू होगी। इस ट्रेन को दक्षिण भारत के लिए वाया रतलाम चलाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। यह ट्रेन 26 मई को सुबह 11.10 बजे रतलाम पहुंचेगी।
पीआरओ जेके जयंत ने बताया ट्रेन के शुरू होने से दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सुविधा होगी। 26 मई से इंदौर-लिंगमपल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 19316 शुरू होगी जो प्रति शनिवार को चलकर रविवार को लिंगमपल्ली पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 19315 प्रति रविवार को लिंगमपल्ली से चलकर मंगलवार को इंदौर पहुंचेगी। ट्रेन के लिए रेल बजट 2016-17 में घोषणा की गई थी, इसमें सभी कोच थर्ड एसी के है। यह ट्रेन जीपीएस आधारित पैसेंजर इंफार्मेशन सिस्टम, पैसेंजर अनाउसमेंट सिस्टम, फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम, सीसीटीवी आदि सुविधाओं से लैस है। ट्रेन के किराया में डायनामिक फेयर सिस्टम लागू किया गया है।
किराये पर लागू होगा डायनामिक फेयर सिस्टम सिस्टम- हमसफर ट्रेन का किराया अन्य सुपरफास्ट/मेल एक्सप्रेस से अलग होता है। इसमें थर्ड एसी का किराया मेल व सुपरफास्ट एक्सप्रेस के थर्ड एसी के किराये से 1.15 गुना अधिक होता है। इसमें पहले 50 प्रतिशत टिकट की बुकिंग इस दर से होने के बाद प्रति 10 प्रतिशत टिकट बुक होने पर उसके किराये में 10 प्रतिशत की वृद्धि हो जाती है। इस ट्रेन के किराये में डायनामिक फेयर सिस्टम लागू किया है।