प्रदेश के आसपास बने ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण तापमान में हो रही कमी पर अब ब्रेक लग गया है। शुक्रवार को दिन का तापमान 43 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में लगातार तापमान में बढ़त होने का अनुमान लगाया है। इस दौरान पारा 44 डिग्री तक पहुंच सकता है और लू चलने की भी आशंका है।
मई की शुरुआत से मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है। 11 मई को दिन का तापमान 43.3 डिग्री पर पहुंच गया था। वहीं 17 मई को 40.2 डिग्री था। तापमान में यह अस्थिरता प्रदेश के आसपास बने ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण हो रही है। चक्रवात के चलते पिछले दिनों से हो रही तापमान में कमी से अब राहत नहीं मिलेगी क्योंकि इसका असर कमजोर हो गया है। गुरुवार को 40.2 डिग्री रहा दिन का तापमान शुक्रवार को 2.2 डिग्री बढ़कर 42.8 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं 26 डिग्री रहा रात का तापमान 1.2 डिग्री बढ़त के साथ 27.2 डिग्री पर पहुंच गया। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. डीपी दुबे ने बताया मई में अब तक प्रदेश के आसपास दो चक्रवात बन चुके हैं।