रतलाम | बंजली स्थित डॉ. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को हौद में डूबी बालिका का शुक्रवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। पीएम के बाद परिजन शव को पैतृक गांव पड़ाव (सरवन) ले गए। औद्योगिक क्षेत्र थाने में मर्ग दर्ज किया है। गुरुवार शाम कॉलेज परिसर में कमल के फूल के लिए बने हौद में डूबने से डेढ़ वर्षीय बालिका इशिता भाभर की मौत हो गई थी। बालिका का पिता नारायण और मां रामकन्या कॉलेज परिसर में रहते हैं और वहीं काम करते हैं। दोपहर को भोजन कराने के बाद मां रामकन्या ने उसे छाया में सुला दिया। शाम को जागने के बाद घुटने के बल चलती बालिका हौद तक पहुंची और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। टीआई राजेशसिंह चौहान ने बताया शुक्रवार को मौका-मुआयना किया। कॉलेज परिसर के पास बने कॉटेज के गार्डन में दुर्घटना हुई। कमल के फूल के लिए बने हौद में करीब डेढ़ फीट पानी है। पूछताछ में अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया पिता नारायण बालिका को पानी से निकालकर दौड़ता हुआ कॉलेज तरफ आया तब घटना का पता चला।
प्रतिबंधित क्षेत्र है घटनास्थल नहीं दिखा सकते- दुर्घटना से बचाव के लिए हौद की पाल बनी है या नहीं, यह देखने मीडियाकर्मियों की टीम शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर पहुंची। कॉलेज के पास तीन कॉटेज बने हैं। प्रबंधक सबा खान ने घटना की जानकारी दी परंतु प्रतिबंधित क्षेत्र बताते हुए घटनास्थल दिखाने से मना कर दिया। उन्होंने बताया स्टाफ को भी वहां जाने की अनुमति नहीं है।