हेलीपैड में खामी निकली तो योगी के हेलिकॉप्टर को खेत में उतारा
भास्कर न्यूज | कासगंज . उत्तरप्रदेश के कासगंज जिले में प्रशासन की लापरवाही के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलिकॉप्टर को खेत में उतार दिया गया। दरअसल, रविवार को आए तूफान से फरौली गांव के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए थे। मंगलवार को योगी उन्हीं पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए पहुंचे थे। उनका कार्यक्रम पहले से ही प्रस्तावित था। इसके तहत जिला प्रशासन ने नुमाइश ग्राउंड में हेलीपैड बनवाया था। लेकिन जब सीएम हेलिकॉप्टर से वहां पहुंचे तो हेलीपैड में खामी निकली। जिसके चलते सीएम की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए हेलिकॉप्टर को खेत में ही उतार दिया गया। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पायलट ने हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर उतारने से क्यों इनकार कर दिया।
वहीं, कुछ लोगों का कहना था कि हेलीपैड के आसपास काफी पेड़ थे। जिसके चलते वहां हेलीकॉप्टर नहीं उतारा जा सकता था।