इटैलियन ओपन : हालेप की लगातार 12वीं जीत, स्टीफंस और नडाल भी जीते
रोम | टाॅप सीड सिमोना हालेप और राफेल नडाल ने इटैलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। रोमानिया की हालेप ने जापान की नाओमी ओसाका को 6-1, 6-0 से हराया। यह हालेप की लगातार 12वीं जीत है। हालेप और अोसाका के बीच करिअर रिकॉर्ड 4-1 हो गया है। प्री क्वार्टर फाइनल में हालेप का सामना अमेरिका की मेडिसन कीज से होगा। कीज ने डोना वेकिच को 7-6, 7-6 से मात दी। 26 साल की हालेप को अगर अपनी नंबर वन रैंकिंग बरकरार रखनी है तो उन्हें क्वार्टर फाइनल में जगह बनानी ही होगी। वहीं, पुरुष सिंगल्स में टॉप सीड नडाल ने बोस्निया के डामिर जुमहुर को 6-1, 6-0 से हराया।
महिला सिंगल्स के अन्य मैचों मंे लात्विया की जेलेना ऑस्तापेंको और अमेरिका की स्लोएन स्टीफंस ने भी प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। जबकि छठी सीड चेक रिपब्लिक की कैरोलिना प्लिसकोवा को दूसरे राउंड मंे हार का सामना करना पड़ा। पूर्व वर्ल्ड नंबर वन प्लिसकोवा को गैरवरीय यूनान की मारिया सक्कारी ने 3-6, 6-3, 7-5 से हराकर उलटफेर किया। वहीं, पुुरुष सिंगल्स में इटली के फेबियो फोगनिनी, जर्मनी के फिलिप कोलश्राइबर और स्पेन के अल्बर्ट रामोस विनोलेस ने अपन दूसरे राउंड के मुकाबले जीते। फोगिननी ने मैड्रिड ओपन में नडाल को हराने वाले डोमिनिक थिएम को 6-4, 1-6, 6-3 से मात दी।