सीरिया पर हमले से क्रूड और महंगा होने के आसार
खुदरा महंगाई दर मार्च में 4.28% दर्ज हुई है। यह 5 महीने में सबसे कम है। मैन्युफैक्चरिंग में भी विस्तार दिखा। फरवरी में इसमें 7.1% ग्रोथ रही। वित्त वर्ष 2017-18 में 302 अरब डॉलर का निर्यात हुआ जो एक साल पहले की तुलना में 9.8% ज्यादा है। हालांकि मार्च में निर्यात में 0.66% गिरावट आई है। पूरे साल में आयात 19.6% बढ़कर 459.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया। व्यापार घाटा यानी निर्यात-अयात का अंतर 156.8 अरब डॉलर रहा है। पिछले हफ्ते डॉलर के मुकाबले रुपया 65.22 तक गिर गया। दबाव कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण है। डर है कि सीरिया में मिसाइल हमले से रूस और अमेरिका के बीच सीधा विवाद होगा। निवेशक चीन-अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर से भी आशंकित हैं। दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं एक दूसरे के निर्यात पर कस्टम ड्यूटी लगा/बढ़ा रही हैं।
2018-19 के लिए इन्फोसिस के अनुमान निराशाजनक : कंपनियों के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। इन्फोसिस ने 2017-18 की उम्मीदों को तो पूरा किया है, लेकिन 2018-19 के अनुमान निराशाजनक हैं। 2017-18 में इसका रेवेन्यू 3% बढ़कर 70,552 करोड़ और प्रॉफिट 11.7% बढ़कर 16,029 करोड़ रुपए रहा। 2018-19 में इसने रेवेन्यू 6-8% बढ़ने और ऑपरेटिंग मार्जिन 22-24% रहने की उम्मीद जताई है। मार्जिन 2017-18 में 24.7% था। सीईओ सलिल पारेख ने दो विदेशी सब्सिडियरी स्कावा और पनाया को बेचने की घोषणा की। पूर्व सीईओ विशाल सिक्का के समय इन्हें खरीदा गया था।
नए-नए घोटाले सामने आने से बैंकिंग सेक्टर परेशान : सीबीआई ने 621 करोड़ रुपए के घोटाले में यूको बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। पीएनबी में 13,000 करोड़ के घोटाले में उसकी जांच अभी जारी है। मुख्य आरोपी नीरव मोदी के हांगकांग में होने की खबर है और भारत सरकार गिरफ्तारी के लिए वहां की सरकार से बात कर रही है। सीबीआई का कहना है कि नीरव मोदी और उसके सहयोगी 47 कंपनियों के जरिए राउंड-ट्रिपिंग कर रहे थे। राउंड ट्रिपिंग में पहले कालेधन को विदेश भेजा जाता है और फिर उसे सफेद दिखाकर वापस भारत में लाया जाता है।
आईसीआईसीआई-वीडियोकॉन मामले में राउंड-ट्रिपिंग का संदेह : आईसीआईसीआई-वीडियोकॉन मामले में आयकर विभाग को संदेह है कि दीपक कोचर की कंपनी न्यूपावर रिन्युएबल्स ने राउंड-ट्रिपिंग की। दीपक, आईसीआईसीआई बैंक की एमडी-सीईओ चंदा कोचर के पति हैं। इस बीच रिजर्व बैंक के सवाल उठाने के बाद एक्सिस बैंक ने एमडी-सीईओ शिखा शर्मा का कार्यकाल दिसंबर 2018 में खत्म करने का फैसला किया है। उनके समय बैंक का एनपीए करीब 5 गुना बढ़ा है। क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज क्वाइनसिक्योर ने अपने चीफ सिक्योरिटी अफसर अमिताफ सक्सेना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि उन्होंने 19 करोड़ रुपए के 438 बिटकॉइन चुरा लिए। यह मामला रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों के क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडर्स के साथ कारोबार पर रोक लगाने के बाद सामने आया है।
एयर इंडिया में अनिल अंबानी की भी रुचि : अनिल अंबानी और एतिहाद का कंसोर्टियम एयर इंडिया को खरीदने के लिए बोली लगा सकता है। सरकार ने एयर इंडिया में 76% हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है। फोर्टिस हेल्थकेयर को खरीदने में डाबर के बर्मन और मनीपाल ग्रुप के पई ने रुचि दिखाई है। फोर्टिस देश की दूसरी बड़ी हेल्थकेयर कंपनी है। मलेशिया का आईएचएच ग्रुप भी इसमें इच्छुक है।
जीएसटीएन में निजी कंपनियों की हिस्सेदारी खरीदेगी सरकार: सरकार जीएसटी नेटवर्क में निजी कंपनियों की हिस्सेदारी खरीदने पर विचार कर रही है। अभी इसमें केंद्र सरकार की 24.5% और राज्यों की 24.5% हिस्सेदारी है। बाकी 51% में एलआईसी के पास 11% और एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एनएसई स्ट्रैटजिक इन्वेस्टमेंट के पास 10-10% है।
बिजनेस राउंडअप
देवांग्शु दत्ता
कंट्रीब्यूटिंग एडिटर, बिजनेस स्टैंडर्ड