रावलामंडी| सड़क हादसे में मृतक के परिजनों को बीमा कंपनी ने दो लाख रुपए के क्लेम का भुगतान किया है। ओबीसी की स्थानीय शाखा ने 2 लाख रुपए का चेक शनिवार को पीड़ित परिवार को सौंपा। बैंक परिसर में शाखा प्रबंधक विनोदकुमार, सहायक अधिकारी महेश जांगिड़ व महेंद्रकुमार ने मृतक संजय मेघवाल निवासी एक केएलएम के पिता ओमप्रकाश मेघवाल को बीमा कंपनी द्वारा देय दुर्घटना बीमा का चेक दिया। 12 मार्च की रात को एक केएलएम का संजयकुमार मेघवाल अपनी बाइक पर 281 हेड से रावलामंडी की ओर आ रहा था। सामने से आ रही एक अन्य बाइक की टक्कर लगने से संजयकुमार की मौत हो गई थी।
एक माह में दो बार रुपे कार्ड से राशि निकालना जरूरी: ओबीसी के शाखा प्रबंधक ने बताया कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना में रुपे कार्ड धारक उपभोक्ता का दुर्घटना बीमा शामिल होता है। खाता खोलते समय धारक उपभोक्ता को बैंक से सुविधानुसार अपनी जमा रकम निकालने के लिए रुपे कार्ड जारी किया जाता है। इस योजना में उसी खाता धारक उपभोक्ता को दुर्घटना का बीमा मिलता है जिसने अपने खाते में लगातार बैंक से लेन-देन किया हो। ग्राहक को दुर्घटना का लाभ तब ही मिलता है जब उसने अपने खाते से एक माह में 2 से अधिक बार रुपे कार्ड से राशि निकाली हो।