सिर्फ वही नकारात्मक खबर, जो अापको जानना जरूरी है
भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर/रावलामंडी
रावला मंडी में संदिग्ध हालात में फांसी लगने से एक किसान की मौत हो गई। माैत का कारण रस्सी से दम घुटना माना जा रहा है। घटना शनिवार सुबह चक 5 पीएसडी की रोही में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में मृतक के भाई रिछपाल बिश्नोई ने मर्ग दर्ज करवाई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामप्रताप (47) पुत्र काशीराम बिश्नोई पशुओं के लिए कीकर की टहनियां लेने गया था। साथ में रस्सी भी ले गया था। पत्तियां तोड़ते वक्त रामप्रताप का बैलेंस बिगड़ने के बाद गले में डाली रस्सी का फंदा पेड़ की मोटी टहनी में फंस गया।
रामप्रताप फंदे सहित पेड़ के नीचे गिरा, जिससे दम घुटने से मौत हो गई।
मृतक के पास साढ़े 12 बीघा नहरी जमीन है। मृतक के तीन बेटियां व एक बेटा है, एक बेटी शादीशुदा है। चर्चा यह भी है कि रामप्रताप पर लाखों रुपए का कर्ज था। पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब साढ़े 7 बजे मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव नीचे पड़ा था और पास रस्सी पड़ी थी, भीड़ जमा थी। रस्सी का कुछ हिस्सा पेड़ पर टंगा हुआ था।
परिजनों ने दी रिपोर्ट: पेड़ से गिरने और गले में डाली रस्सी शाखा में फंसने से हुआ हादसा