पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • इमरजेंसी मोटर नहीं सुधरवाई इसलिए भरी गर्मी में दो दिन से शहर की 35 हजार की आबादी को नहीं मिल पा रहा पानी

इमरजेंसी मोटर नहीं सुधरवाई इसलिए भरी गर्मी में दो दिन से शहर की 35 हजार की आबादी को नहीं मिल पा रहा पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिम्मेदारों ने लापरवाही के कारण भरी गर्मी में करीब 35 हजार लोगों को प्यासे मार दिया। निगम के वाटर फिल्टर प्लांट की मोटर रविवार सुबह से खराब है जिससे शहर में दो दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। जिन दो मोटरों से पानी सप्लाई की जाती है उनमें से एक रविवार सुबह खराब हो गई। दूसरी मोटर से दस मिनट भी पानी देना मुश्किल है, इस कारण यह स्थिति बनी है।

ऐसे समय के लिए प्लांट में एक इमरजेंसी मोटर भी है जो पहले से खराब पड़ी है। जिम्मेदार इसे समय रहते सुधरवा लेते तो यह नौबत नहीं आती। इधर शहर के अधिकतर हैंडपंप या तो सूख चुके हैं या सूखने की कगार पर हैं।

लोगों को एक-एक मग पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। अधिकारियों ने मंगल की सुबह तक ही पानी सप्लाई की संभावना जताई है।

इन वार्डों में पानी के लिए भीड़ और विवाद : ब्राम्हणपारा, कोष्टापारा, टिकरापारा, नयापारा, रिसाईपारा, आमापारा, सोरिद, जोधापुर, दानीटोला, विंध्यवासिनी वार्ड में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। जहां बोर हैं वहां लोगों की भीड़ लगी है और विवाद की स्थिति है।

एक मोटर से केवल 5 मिनट की सप्लाई : दूसरे मोटर से पानी की सप्लाई केवल 5 मिनट की जा सकी। नलों में प्रेशर नहीं था। कई जगह नलों में पानी पहुंचा ही नहीं।

नयापारा वार्ड के बोर कनेक्शन पर महिलाओं की भीड़ पानी के लिए लगी रही।

निगम का अमला कितना लापरवाह, आप खुद देखिए

रायपुर से बुलाना पड़ता है मैकेनिक फिर भी नहीं सुधरवाते

निगम का संबंधित स्टाफ कितना लापरवाह है इसका अंदाजा केवल इसी से लगाया जा सकता है कि फिल्टर प्लांट में जब भी कोई खराबी आती है, निगम के मैकेनिक उसे ठीक नहीं कर पाते। हर बार रायपुर से मैकेनिक बुलाते हैं। ये जानते हुए भी उन्होंने इमरजेंसी मोटर सुधरवाई जबकि पता है कि फिल्टर प्लांट में कुछ न कुछ खराबी आती है और इमरजेंसी मोटर की जरूरत कभी भी पड़ सकती है।

3 जगह है खराबी, देर रात तक सुधरेगी

जल विभाग के प्रभारी एचके पावरिया ने बताया कि रविवार को एक मोटर का साफ्ट खराब हो गया। इसके कुछ देर बाद इसी मोटर की इमरजेंसी चूड़ी भी खराब हो गई। साथ ही प्रेशर लॉक भी खराब हो गया । इसे सुधरवाने रायपुर से मिस्त्री बुलाया है। सोमवार रात तक सुधार करा लिया जाएगा। सोमवार सुबह एक मोटर से पानी की सप्लाई हुई थी, लेकिन 10 से 15 मिनट ही पानी दे पाए।

बिगड़ गई दिनचर्या,ड्यूटी जाने में हुई देर : नलों में पानी नहीं आने के कारण परिवार के सदस्यों की दिनचर्या ही बिगड़ गई। 60 वर्ष की महिला रूखमणी बाई, केजा बाई ने कहा कि खाना तक बनाने में परेशानी हुई। नहाने के लिए पानी नहीं था।

भविष्य में एेसी गलती नहीं होगी : इस पर कमिश्नर रमेश जायसवाल का कहना है कि 7 मई को मैंने ज्वाइन किया है और इस बात की मुझे चिंता है कि इमरजेंसी मोटर पहले से खराब पड़ी थी। भविष्य में एेसी गलती नहीं होगी।

खबरें और भी हैं...