सफाईकर्मियों के 192 पद, पालिका कह रही है 65 पर ही की जाएगी भर्ती
प्रदेशभर में निकाली गई सफाईकर्मियों की भर्ती में रावतभाटा नगरपालिका में स्थिति असमंजस की बनी हुई है। यहां पर सरकार द्वारा 192 पदों की स्वीकृति जारी की गई है, लेकिन पालिका कह रही है कि 65 पदों पर ही भर्ती की जाएगी।
पालिका के अधिकारी कह रहे हैं कि पालिका के पास बजट कम है और कुछ वार्ड परमाणु बिजलीघर, भारी पानी संयंत्र के हैं। जो स्वयं अपनी सफाई व्यवस्था करते हैं। असमंजस की स्थिति में पालिका ने स्वायत्त शासन विभाग से मार्गदर्शन मांगा है।
गणेशनगर, बालाजीनगर तक फेला रावतभाटा
वाल्मिकी समाज के लोगों का कहना है कि रावतभाटा की संख्या 2011 में जहां 38 हजार आंकी गई थी। आज रावतभाटा की जनसंख्या 60 हजार के पास पहुंच गई है। इसका क्षेत्रफल भी गणेशनगर, बालाजीनगर तक फेल गया है। भले ही परमाणु बिजलीघर, भारी पानी कॉलोनी में सफाई व्यवस्था पालिका नहीं कराती, लेकिन कॉलोनी के पीछे गुर्जर बस्ती, विक्रमनगर बस्ती, सिनेमा चौराहे से लेकर एनटीसी चौराहे तक की मुख्य सड़क की सफाई भी पालिका के पास ही है, ऐसे में सफाईकर्मी तो उसी हिसाब से लिए जाने चाहिए।
गुरुवार से मिलेंगे रावतभाटा में फार्म
नगरपालिका के नवनियुक्त ईओ अभी दो दिन अवकाश पर हैं। ऐसे में नगरपालिका में गुरुवार से ही फार्म मिलेंगे। वैसे ऑनलाइन आवेदन भरना शुरू हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पूरे राजस्थान में अंबेडकर जयंती पर 21 हजार से अधिक सफाईकर्मियों के पद के लिए भर्ती निकाली गई है।