दिव्यांगों को मिलेंगे फूड कूपन घर बैठे मिलेगी राशन सामग्री
सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगों को खाद्यान्न के लिए उचित मूल्य दुकानों के बाहर कतारों में लगने की परेशानी से मुक्ति दिला दी है। अब उन्हें घर बैठे ही राशन मिल सकेगा। सरकार ने इनके लिए फूड कूपन की व्यवस्था शुरू कर दी है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त खाद्य आयुक्त ने इस संबंध में प्रदेशभर के जिला रसद अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के सिंगल यूनिट वाले वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग जो किसी भी कारण से खाद्यान्न लेने के लिए उचित मूल्य दुकान पर नहीं पहुंच पाते हैं। उन्हें फूड कूपन देकर लाभान्वित किया जाए। खाद्य सुरक्षा की पात्रता सूची में से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों का चिह्निकरण किया जाएगा। इस संख्या के अनुसार जिला रसद अधिकारी फूड कूपन छपवाएंगे। प्रत्येक कूपन दो प्रतियों में छापा जाएगा।
12 महीने के एक साथ मिलेंगे फूड कूपन
प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि फूड कूपन राशन डीलरों को दिए जाएंगे। इसके बाद संबंधित वरिष्ठ नागरिक दिव्यांग उचित मूल्य दुकानदार के घर जाकर बारह महीने के कूपन एक साथ उपलब्ध कराएगा। इन कूपनों के माध्यम से पात्र व्यक्ति एक साथ अधिकतम तीन माह का राशन प्राप्त कर सकेंगे। दिव्यांग वरिष्ठ नागरिक खाद्यान्न प्राप्त करने के लिए अपने रिश्तेदार परिचित पड़ोसी के नाम अधिकार पत्र जारी कर सकेगा, जो दो प्रतियों में होगा।
पात्र व्यक्ति अधिकृत किए जा रहे व्यक्ति के हस्ताक्षर होंगे। इसके बाद दिव्यांग वरिष्ठ नागरिक द्वारा अधिकृत किया गया व्यक्ति उचित मूल्य की दुकान पर जाकर राशन सामग्री प्राप्त कर सकेगा। माह की अंतिम 30 तारीख तक उचित मूल्य दुकानदार कूपनों को डीएसओ कार्यालय में जमा कराएगा।
परिवार चिह्नित करने के लिए सर्वे शुरू
वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगों की छंटनी शुरू करवा दी। जिसके तहत रावतभाटा उपखंड में ऐसे वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगों को चिह्नित किया जा रहा है, जो उचित मूल्य दुकानों तक जाने में असमर्थ है। खाद्य सुरक्षा की पात्रता सूची में से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों का चिह्निकरण होने के बाद शीघ्र ही कूपन छपवाए जाएंगे। पूर्व में जो सूची में नाम है। उनकी भी जांच की जा रही है।
विभाग से मिले निर्देशों के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगों का चिह्निकरण किया जा रहा है। विभाग से बजट मिलने के बाद एवं कूपन का सैम्पल आने के बाद शीघ्र ही कूपन छपवा दिए जाएंगे और वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगों को योजना का लाभ दिलाया जाएगा। - भंवरलाल सेन, प्रवर्तन निरीक्षक रावतभाटा, चित्तौड़गढ़