- Hindi News
- National
- ब्राह्मण समाज का विवाद खत्म, परशुराम जयंती की एक ही शोभायात्रा निकालेंगे
ब्राह्मण समाज का विवाद खत्म, परशुराम जयंती की एक ही शोभायात्रा निकालेंगे
रावतभाटा| पिछले कई समय से चल रहा ब्राह्मण समाज का विवाद बुधवार को भगवान परशुराम जयंती के दिन समाप्त हुआ। दोनों पक्षों में तय हुआ कि परशुराम जयंती पर एक ही शोभायात्रा 21 अप्रैल को निकाली जाएगी।
समाज के प्रतिनिधियों की बैठक कोटा के नवनीत शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें तय किया कि 20 अप्रैल को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा संस्थान और 22 अप्रैल को राजस्थान ब्राह्मण महासभा की ओर से निकाली जाने वाली शोभायात्रा अलग-अलग निकालने के स्थान पर एक ही शोभायात्रा संयुक्त रूप से महापालेश्वर मंदिर से शुरू होकर चारभुजा में श्रीराम मंदिर तक निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा 21 अप्रैल को निकाली जाएगी। शोभायात्रा एवं भोजन की संयुक्त व्यवस्था राजस्थान ब्राह्मण महासभा एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा संस्थान दोनों मिलकर करेंगे। वहीं बुधवार शाम को सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना, सुंदरकांड में सभी शामिल हुए। पूरे आयोजन की देखरेख के लिए संयोजक कैलाश शृंगी, रमाकांत शर्मा को बनाया गया। वहीं हरिओम शर्मा, सतीश व्यास, ब्रजेश ओझा, लाला देराश्री, सुरेश तिवारी, मनीष शर्मा, राजेंद्र दशोरा, शंकर पुरोहित सदस्य बनाए गए हैं। बैठक में राजस्थान ब्राह्मण महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरोत्तम जोशी, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष कैलाश शृंगी, अध्यक्ष जीपाराशर, परशुराम सेना अध्यक्ष रमाकांत शर्मा, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के युवा अध्यक्ष मुकेश देराश्री, राजेंद्र दशोरा, सतीश व्यास ने भाग लिया।