रावतभाटा। रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत अब रावतभाटा में नहीं दिखेगी। भारत गैस पेट्रोलियम के अधिकारियों ने रावतभाटा को यह सौगात दी है। अब एक फोन पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक घर, घर गैस सिलेंडर पहुंचेगा। यह जानकारी रावतभाटा दौरे पर आए भारत गैस पेट्रोलियम के प्रादेशिक प्रबंधक भरतकुमार ने रावतभाटा में नई भारत गैस पेट्रोलियम के चारभुजा स्थित रावतभाटा भारत गैस एजेंसी के उद्घाटन मौके पर दी।
उन्होंने बताया कि घर, घर डिलीवरी के अलावा यदि आपका सिलेंडर रात में भी समाप्त हो जाता है तो भी गोदाम पर सिलेंडर उपलब्ध रहेगा। रावतभाटा में भारत गैस पेट्रोलियम घर, घर सिलेंडर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में रावतभाटा ही ऐसा क्षेत्र है जो रसोई गैस सिलेंडर व्यवस्था में पिछड़ा हुआ है। यहां लंबे समय से कोई नई रसोई गैस सिलेंडर एजेंसी नहीं खुली है। इस मौके पर उन्होंने निशुल्क गैस सिलेंडर भी एक महिला को प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी की उज्जवला विस्तार योजना में देश में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं होगा, जिसके घर पर रसोई गैस सिलेंडर और कनेक्शन नहीं होगा। इसकी शुरुआत में एससीएसटी, विशेष ओबीसी, अंत्योदय, गाडिया लौहार परिवार, वनक्षेत्र में रहने वाले परिवार को निशुल्क रसोई गैस सिलेंडर और कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक भरतकुमार ने बताया कि गैस एजेंसी पर 5 किलो का सिलेंडर उपलब्ध रहेगा। रावतभाटा राजस्थान परमाणु विद्युत परियोजना में काम करने वाले मजदूरों को यह बिना दस्तावेज उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें सिर्फ एक बार अमानत राशि 750 रुपए, 325 रुपए सिलेंडर के देने होंगे। इसके बाद कहीं पर भी सिलेंडर बदल कर यह गैस ले सेकेंगे। बाजार में बिकने वाला छोटा गैस सिलेंडर लोकल होता है। सिलेंडर फटने का भी खतरा होता है। सहायक प्रबंधक वरुण शर्मा ने बताया कि रावतभाटा में अभी तक गैस सिलेंडर किल्लत थी। अणुशक्ति सहकारी उपभोक्ता भंडार और भारी पानी सहकारी उपभोक्ता भंडार से लोगों को नए गैस कनेक्शन नहीं मिल रहे थे। इस नई एजेंसी से सभी को दस्तावेज उपलब्ध कराने पर नया कनेक्शन दिया जाएगा। इस मौके पर रामस्वरूप मीणा, बाडौलिया सरपंच कालीबाई मीणा, प्रहलाद जाट, पूर्व निदेशक मोडसिंह, बाबूलाल मीणा, बालकिशन गुलाटी, भारत गैस के स्थानीय संचालक मौजूद थे। इस मौके पर प्रादेशिक प्रबंधक का स्वागत किया गया।
रावतभाटा. चारभुजा झालरबावड़ी में एजेंसी के उद्घाटन पर महिला को निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करते हुए।