पानी के लिए किए गए चक्काजाम कर रास्ता रोकने मामले में पुलिस ने 6 ओर लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 1 को गिरफ्तार किया गया था। सभी को रावतभाटा न्यायालय में पेश किया गया। जहां से सभी 7 जनों को बेगूं जेल भेज दिया।
एएसपी भवानीशंकर मीणा ने विशेष टीम गठित की। जिस पर हनीफ मोहम्मद, विक्की सिंह, जाफर गौरी, इमरान, मुबारिक हुसैन, मोहम्मद रफीक मंसूरी, बब्बल को गिरफ्तार किया गया। इसके लिए तड़के दबिश दी गई। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जिसमें एक मांगू बक्श को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसे जमानत पर रिहा किया गया था। पुलिस ने इस मामले में तड़के दबिश देकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया।
वार्ड 25 की समस्या को लेकर महिलाओं ने लगाया था जाम
उल्लेखनीय है कि वार्ड 25 में 16 मई को पानी की किल्लत दूर करने की मांग को लेकर महिलाओं, लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। इस दौरान पुलिस ने लोगों को खदेड़ते हुए लाठीचार्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने दीपचंद डांगी, रफीक मंसूरी, मोहम्मद हनीफ, बब्बल, सलमा बी, राजू सरदार का लड़का, छोटीबाई, भूरिया, इमरान, मांगू बक्श, जाफर गौरी एवं अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। इन पर धारा 147, 149, 336, 383, 353, यानी बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, सरकारी कार्य में बाधा, षडयंत्र पूर्वक आम रास्ते में बाधा पहुंचाना, मानवजीवन को संकट में डालने का आरोप शामिल है।