रावतभाटा/चित्तौड़गढ़. राज्य सरकार की पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ तीर्थ यात्रा योजना के आवेदन गुरुवार से शुरू हो गए हैं। यात्रा के इच्छुक लोग ई-मित्र व देवस्थान विभाग की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 10 जून है। इस योजना में पूरे प्रदेश से 6 हजार यात्री रेल व 4 हजार यात्री हवाई जहाज से जा सकेंगे।
इसमें वरिष्ठजनों को देश के 17 तीर्थ स्थानों पर उनकी पसंद के तीर्थ पर रेलवे एवं हवाई जहाज द्वारा यात्रा करवाई जाएगी। 60 वर्ष व उससे अधिक उम्र वाले ही यात्री तीर्थ यात्रा पर जा सकेंगे, जबकि 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग अपने साथ एक सहायक ले जा सकेंगे। वहीं जीवनसाथी की उम्र 60 वर्ष से कम होगी तो भी मान्य होगी। हवाई यात्रा के लिए आवेदन करने वालों का चयन होने पर उन्हें जयपुर, जोधपुर, उदयपुर से यात्रा प्रारंभ करनी होगी।
फ्लाइट से इन स्थानों की यात्रा
रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर मदुरई, तिरुपति, कांचीपुरम, जगन्नाथपुरी, भुवनेश्वर सूर्य मंदिर कोणार्क, वैष्णोदेवी, द्वारकापुरी, सोमनाथ, नागेश्वर, काशी, बिहार शरीफ, अमृतसर-आनंदपुर साहिब, श्रवणबेलगोला मैसूर, सम्मेदशिखर- गया-बोधगया, पावापुरी, शिरडी, शनिसिंगनापुर, कामाख्या-गुवाहाटी उज्जैन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, हरिद्वार, ऋषिकेश-मसूरी देहरादून, अयोध्या के साथ कोच्ची, त्रिसूर, श्रीसुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के लिए तीर्थ यात्रा होगी।
ऑनलाइन होगा आवेदन: यात्रा में आवेदन करने के लिए यात्रियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए यात्री अपने नजदीकी ई-मित्र पर भर सकते हैं या www.devsthan.rajasthan.gov.in पर पूरी जानकारी ले सकते हैं। वहीं आवेदन करने वाले यात्री को भामाशाह कार्ड की अनिवार्यता है।
रेल से इन तीर्थ स्थानों पर जा सकते हैं: देवस्थान विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक रामेश्वरम, तिरुपति, जगन्नाथपुरी, द्वारकापुरी व मां वैष्णोंदेवी तीर्थ के लिए वरिष्ठजनों को रेल द्वारा यात्रा करवाई जाएगी। इसके लिए कार्यक्रम तय होने पर चयनित लोगों को विभाग की ओर से समय पर सूचित किया जाएगा।
देना होगा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र: पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ तीर्थ यात्रा योजना में यात्री को यात्रा से पूर्व अपना स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देना होगा। इसमें चिकित्सक द्वारा जांच कर प्रमाणित स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र देना होगा, जो ऑनलाइन अपलोड करना होगा।