रावतभाटा/चित्तौड़गढ़। राज्य में तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादलों की सूचियां तैयार हो चुकी हैं। आदेश अगले माह तक जारी होने के कयास लगाए जा रहे हैं। लेकिन उससे पहले ही सोशल मीडिया पर फर्जी सूचियां आने लगी हैं। इसको लेकर सभी जिला शिक्षाधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। आदेश में कहा है कि अब शिक्षा निदेशालय से पुष्टि होने के बाद ही तबादला मान्य माना जाए।
उल्लेखनीय है कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के फर्जी हस्ताक्षर से 14 मई के एक आदेश में भीलवाड़ा, अजमेर सहित अन्य जिले के पांच शिक्षकों के सोशल मीडिया पर वायरल फर्जी तबादला आदेश जारी हुए थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के डीईओ को अलर्ट कर दिया है। चित्तौडगढ डीईओ माध्यमिक हेमंत कुमार द्विवेदी ने बताया कि निदेशक प्रारंभिक का आदेश मिलने के साथ ही सभी नोडल प्रधानाचार्यों को इस संबंध में अवगत कराते हुए निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के आदेश को सही नहीं माने, विभाग द्वारा प्राप्त आदेश को ही सही माना जाए।