रात 10 बजे पुराना बाजार हनुमान गली में जैन मंदिर के पास टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए राजस्थान परमाणु बिजलीघर, भारी पानी संयंत्र की 12 हजार लीटर पानी से भरी आधुनिक फायरब्रिगेड, नगरपालिका, भारी पानी संयंत्र की फायरब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जैसे ही शॉर्ट सर्किट हुआ पास के कई घरों में इसका धमाका सुना गया। इसके बाद टेंट हाउस के गोदाम में आग लग गई। पूर्व पालिका अध्यक्ष राजकुमार वधवा के परिवार के वधवा टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग में लगभग 4 से 5 लाख रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है।
इस आग से गोदाम में रखे बिस्तर, टेंट का सामान, लकड़ी का स्टेज, बिल्डिंग को नुकसान हुआ है। गोदाम की छत पर लगी फर्शिया कई जगह से तड़क गई। मौके पर रावतभाटा सीआई वीरेंद्रसिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे। विद्युत वितरण निगम के जेईएन चेतन शर्मा भी रात को मौके पर मौजूद रहे।
आग बुझाने के लिए पहुंची परमाणु बिजलीघर, भारी पानी संयंत्र की बड़ी फायरब्रिगेड को गली में घुसने में खासी परेशानी हुई। सड़क पर दुपहिया वाहन से लेकर कार,जीपें खड़ी थी। वहीं बिजली के तार भी नीचे थे, ऐसे में फायरब्रिगेड को पहुंचने में खासी परेशानी हुई। लेकिन इन सभी के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच गई। फायरमैन रफीक मोहम्मद, चालक जाकिर हुसैन,फायरमैन एलएस चुंडावत, रामस्वरूप, एसएल सोनी, राहुल राठौर एवं सूचना मिलने पर बिना डयूटी के भी फायरमैन वी सुंदरराजन, एच पारीक, नगरपालिका फायरमैन राजेश जयपाल, हैवीवाटर के फायरमैन नंदू एवं नगरपालिका के गफ्फार एवं अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया।
लोगों ने मदद करते खिड़कियां तोड़कर निकाला सामान
गोदाम में आग लगने के बाद कई लोगों ने मिलकर टेंट के गोदाम में पड़ा सामान बाहर निकाला। आग बुझाने के लिए खिड़कियां तोड़ी गई। खूब मशक्कत हुई। कई लोग तमाशबीन भी बने रहे। टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग की लपटें बिजली की तारों तक थी। वहीं, फायरब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हुए थे। ऐसे में मौके पर मौजूद पुलिस ने बिजली बंद कराई। ताकि कोई हादसा नहीं हो। रात 1:30 बजे जाकर बिजली शुरू हुई।
मदरसे के रसोईघर में लकड़ियों में आग लगी, दमकल बुलाई
मोड़क स्टेशन .कस्बे में जामा मस्जिद के समीप स्थित मदरसे के ऊपरी भाग में बने रसोईघर में लकड़ियों में रविवार को दोपहर 3 बजे भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही पल में उग्र रूप ले लिया। तेज लपटें निकलने लगी। बस्ती के काफी लोग आग पर काबू पाने के लिए मदरसे की ओर दौड़ने लगे। समीप के घरों से मदरसे की छत पर पहुंच कर नज़दीकी नलकूपों से पाइप लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं, अचानक लगी
इस दौरान मंगलम की दमकल को भी सूचना की गई। बस्ती के करीब पचास से अधिक लोगों ने नलकूपों के सहारे एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसी दौरान मंगलम से दमकल भी आ गई थी, फिर दमकल से आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। आग लगने का कारण तो स्पष्ट नहीं हो सका, परन्तु रसोईघर में काफी तादात में सूखी लकडिय़ां रखी हुई थी, उन लकड़ियों में अचानक आग लगी थी। पूरी रसोई और ऊपर छत पर आने वाला रास्ता काला हो गया। आग पर काबू पाने के बाद भी काफी देर तक धुंआ रसोईघर से निकलता रहा। भीषण आग पर एक घंटे में काबू पा लिया। आग बुझाने आई दमकल गली में फस गई, दमकल में बिजली के तार भी उलझ गए थे। जिनको युवाओं ने बिजली बन्द करवा कर दमकल का रास्ता बनाया, उसके बाद दमकल मौके पर आई।
रावतभाटा. टेंट हाउस के गोदाम पर लगी आग बुझाती फायरब्रिगेड और बाहर खड़ी भीड़।
मोड़क स्टेशन. मदरसे में लगी आग को बुझाते हुए।