- Hindi News
- National
- वार्ड 25 में पानी की किल्लत से नाराज महिलाओं ने मानव श्रंखला बनाकर सड़क पर लगाया जाम, पुलिस ने लाठियां चलाकर खदेड़ा
वार्ड 25 में पानी की किल्लत से नाराज महिलाओं ने मानव श्रंखला बनाकर सड़क पर लगाया जाम, पुलिस ने लाठियां चलाकर खदेड़ा
वार्ड 25 में पानी की किल्लत दूर करने की मांग को लेकर महिलाओं और लोगों ने सड़क पर शाम 5 बजे मानव श्रृंखला बनाकर जाम लगा दिया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। मौके पर जलदाय विभाग और प्रशासन के अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े थे।
करीब डेढ़ घंटे जाम चलता रहा। लोग परेशान होते रहे। थाने तक वाहनों की कतार लग गई तो, मौके पर पुलिस पहुंची। करीब 7 बजे रावतभाटा पुलिस सीआई वीरेंद्रसिंह एवं जाप्ता मौके पर पहुंचा। जाम खोलने के लिए कहा। नहीं खोला तो पुलिस ने आनन,फानन से बलप्रयोग किया और लोगों को खदेड़ दिया।
इस घटना में खदेड़ते समय महिलाएं गिर गई। जिससे उन्हें चोटें लगी। कुछ युवकों को भी पुलिस की लाठी का शिकार होना पड़ा। खदेडऩे से भी कई लोग गिर गए। पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों ने पत्थर उठा रखे थे, इसलिए खदेड़ना पड़ा। इस घटना के बाद वार्ड 25 में आक्रोश हो गया और लोग थाने तक एकत्रित हो गए। पुलिस भी कुछ लोगों को थाने ले गई। जिन्हें छुड़वाने की मांग लोगों ने की। सदर बाबूखां, एडवोकेट रईस अहमद, अबरार, पार्षद जाकिर हुसैन, फकरुद्दीन, मुन्ना तिवारी, प्रकाश देवड़ा एवं अन्य कई लोग पहुंचे। रावतभाटा एसपी भवानीसिंह मीणा, डीएसपी राजाराम मीणा ने लोगों से समझाइश की। उन्होंने कहा कि जो लोग जाम में पत्थरबाजी की तैयारी कर रहे थे, उनके खिलाफ ही कार्यवाही की जाएगी, बाकी के खिलाफ नहीं। पानी के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें, रास्ता जाम करना, कानून हाथ में लेकर पत्थर उठाना गलत है। कानून किसी को भी हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। स्टेट हाइवे जाम होने से वाहन चालक परेशान हुए। जो लोग दोषी नहीं होंगे। उसके खिलाफ कार्यवाही नहीं होगी।
रावतभाटा. पानी की किल्लत को लेकर जाम लगाते वार्ड 25 के लोग ।
भैंसरोडगढ़ में दिया धरना
भैंसरोडगढ़| अपना जल अपना अधिकार संघर्ष समिति के तत्वावधान में बुधवार को माली समाज के महिला, पुरुषों ने धरना दिया। संघर्ष समिति सदस्य हेमेंद्र पुरोहित, अध्यक्ष खुमानसिंह, गुलाबसिंह, सदर शब्बीरलाला, कानूनी सलाहकार भूपेंद्र पुरोहित, जान मोहम्मद भी धरना स्थल पर मौजूद रहेंगे। किसान नेता कमलेंद्र सिंह हाड़ा ने भी समर्थन दिया है। बुधवार को ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. जीजे परमार ने वृद्ध महिला माया को घबराहट होने पर आराम की सलाह दी।
वार्ड 5 के लोगों ने दिया ज्ञापन
रावतभाटा| वार्ड नंबर 5 के नलों में पानी नहीं आने की समस्या को लेकर जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया कि वार्ड नंबर 5 हिनाफर्नीचर से लेकर छबीलदास की चक्की के पास तक पानी की सही सप्लाई नहीं होने से सभी वार्डवासी परेशान हैं।