भास्कर संवाददाता| टिब्बी/तलवाड़ा
गांव मिर्जावालीमेर में रविवार देर रात शराब माफिया से हुई कहासुनी के बाद मारपीट में युवक की निर्मम हत्या करने के मामले में सोमवार को मृतक युवक के परिजन व ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी, अवैध रूप से शराब की बिक्री पर रोकथाम सहित विभिन्न मांगों को पूरा नहीं करने तक शव नहीं उठाने पर अड़े रहे। गुस्सा इतना था कि ग्रामीण और परिजन शव को गांव के बीचों-बीच सड़क पर रख धरने पर बैठे रहे। वहीं एक बार तो तनावपूर्ण स्थिति के चलते पुलिस, परिजनों व ग्रामीणों में झड़प भी हुई। पांच थानों की पुलिस ने स्थिति पर समय रहते ही काबू पा लिया। इसके बाद वार्ता का दौर भी चला लेकिन ग्रामीण और परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। आखिर 20 घंटे बाद शाम को साढ़े चार बजे प्रशासन ने तीन दिन में हत्यारों की गिरफ्तारी करने, उचित मुआवजा देने, शव का गांव में ही मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने सहित अन्य मांगों को पूरा करने का आश्वासन देने पर सहमति बनी। इसके बाद शव को परिजन उठाने पर सहमत हुए। मसीतांवाली के एसआई रायसिंह को एपीओ कर दिया है। वहीं पोस्मार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार करवा दिया गया।
आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों से की हाथापाई, पत्थर फेंके, बचाने को भागे पुलिसकर्मी
रात को युवक की हत्या के बाद से ही शव घटनास्थल पर पड़ा रहा। इसे लेकर उसके परिजनों, ग्रामीण भड़क गए। गांव में एकबारगी स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते एएसपी हरिराम चौधरी, डीवाईएसपी देवानंद के नेतृत्व में टिब्बी, संगरिया, रावतसर, हनुमानगढ़ व तलवाड़ा पुलिस थाना का भारी जब्ता मौजूद रहा। धरने पर बैठे परिजनों और ग्रामीणों का पुलिस पर जमकर गुस्सा फूटा व पुलिस कर्मी बचाव करते हुए भाग खड़े हुए। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई भी की। यही नहीं पत्थर भी फैंकने लगे लेकिन भारी पुलिस जाब्ते ने समय रहते हालात काबू में किए।
वहीं इस मामले में पुलिस प्रशासन ने हत्यारों की तलाश के लिए टीम बनाकर दबिश दी लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस के अनुसार हत्यारों को शीघ्र पकड़ा जाएगा। हालांकि एएसपी हरीराम चौधरी ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। एक आरोपी को राउंडअप किया गया है।
भास्कर लाइव
मौके पर पहुंचे टिब्बी एसडीएम उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक हरीराम चौधरी, पूर्व उपजिला प्रमुख शबनम गोदारा, भाजपा महिला मोर्चा गुलाब सिंवर की मौजूदगी में समझाइश के लिए ग्रामीणों व परिजनों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता की लिए बुलाया लेकिन दो दौर की समझौता वार्ता विफल रही। ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस अवसर पर नायक समाज के लोग, महिलाओं व ग्रामीणों तथा डीवाईएफआई जगजीत सिंह जग्गी ने पुलिस का शराब माफियाओं से मिले होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पुलिस का इस शराब माफियाओं पर अंकुश होता तो ये एक युवक की गांव के बीच मे निर्मम हत्या जैसी घटनाएं नहीं होती। ग्रामीणों ने जमकर विरोध करते हुए घटना स्थल पर शव लेकर डटे रहे। परिजनों का कहना है कि जब तक ये मांगें प्रशासन द्वारा नहीं मानी जाएगी तब तक शव को उठाया नहीं जाएगा।
आठ लोगों के केस, 4 डॉक्टरों की टीम ने किया शव का पोस्टमार्टम
मिर्जावाली मेर में युवक महेंद्र नायक की हत्या के आरोप में तलवाड़ा झील पुलिस ने चार नामजद व चार अन्य के खिलाफ रविवार देर रात को मृतक के भाई के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया है। इस संबंध में मृतक के भाई हाकम राम ने मामला दर्ज करवाया कि रविवार रात करीब नौ बजे गांव का धोलू भादू व नरेश भादू पुत्र रामप्रताप भादू, सोनू पुत्र कृष्ण व भीम जाखड़ निवासी भोमपुरा तथा चार अन्य बोलेरो जीप में सवार होकर उनके घर आए तथा उसके भाई महेन्द्र से मारपीट शुरू कर दी। जब महेन्द्र की प|ी छुड़ाने आई तो उससे भी मारपीट की गई। बाद में आरोपी उसके भाई महेन्द्र को जीप में डालकर ले गए तथा गांव की गुवाड़ में लोहे की रॉड़ से उससे मारपीट की तथा उसके पैरों पर जीप चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने विभिन्न धारा व एसएटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मृतक के शव का गांव मिर्जावाली मेर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही तीन चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। बताया जाता है कि मृतक दिहाड़ी-मजदूरी कर अपना जीवन यापत करता था। उसके 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं।
ये थी मांगें: मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और चौकी स्टाफ को निलंबित किया जाए
मृतक युवक के परिजनों ने प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, अवैध शराब की बिक्री पर रोकथाम, मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने, मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मुआवजा देने, धड़ल्ले से अवैध रूप से शराब के बिक्री करने वालों से पुलिस की मिलीभगत के लिए तलवाड़ा झील व मसीतांवाली हेड पुलिस चौकी के स्टाफ को निलंबित करने की मांग रखी।
पुलिस पर लगाए शराब माफिया से मिले होने के आरोप, दो दौर की वार्ता रही विफल
टिब्बी. गांव के बीच-बीचों शव को रखकर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण।
ये था मामला
महेंद्र ने शराब बेचने के लिए रोका था, तब हुई कहासुनी, फिर घर आए और पीट-पीट कर मार डाला
गांव मिर्जावालीमेर में रविवार करीब 9 बजे गांव में अवैध रूप से शराब बेच रहे शराब माफिया को गांव के ही महेंद्र नायक (33) ने रोकने की कोशिश की तो कहासुनी हुई। कुछ देर बाद हत्यारे हथियार व लाठियों से लेश होकर जीप पर सवार होकर उसके घर में घुसे और उससे मारपीट करने लगे। इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर आयुर्वेदिक औषधालय के समक्ष लाकर पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी। वहीं सूचना मिलने के बाद तलवाड़ा पुलिस थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। युवक की हत्या होने के बाद गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर शव को उठाने का प्रयास किया तो परिजन व ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव को नहीं उठाने पर अड़े रहे।