रावतसर| पुलिस ने भैरूसरी निवासी मोहनलाल पुत्र सरदाराराम वाल्मीकि की लिखित रिपोर्ट पर आरोपी बजरंगलाल पुत्र रतीराम निवासी भैरूसरी के खिलाफ राजस्व शिविर में उसके हाथ से प्रार्थना पत्र छीनकर फाड़ने, मारपीट करने व जातिसूचक गालियां निकालने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसने शुक्रवार को ग्राम पंचायत के अटल सेवा केंद्र में आयोजित राजस्व शिविर न्याय आपके द्वार में गांव के वार्ड 7 स्थित मुख्य मार्ग को खुलवाने की मांग का प्रार्थना पत्र देने आए थे। इसी दौरान आरोपी ने प्रार्थना पत्र छीनकर फाड़ दिया व मारपीट करते हुए जातिसूचक गालियां निकाली व अश्लील इशारे कर अपमानित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच डीवाईएसपी जयसिंह दईया को सौंपी है।
बाइक चोरी : पुलिस थाने से महज कुछ दूरी पर स्थित एक सेवानिवृत थानेदार के घर के आगे से अज्ञात शख्स मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। मिली जानकारी के अनुसार चक 4 केडब्ल्यूएम निवासी राहुल पुत्र सीताराम सिहाग अपने नाना रिटायर्ड थानेदार मनीराम बिश्नोई के घर शाम सवा 6 बजे आया व अपनी बाइक बाहर खड़ी कर अंदर चला गया। करीब 10 मिनट बाद वह वापस आया तो वहां बाइक नहीं थी। कोई अज्ञात व्यक्ति बाइक चुराकर ले गया। खास बात यह है कि चोरी की यह घटना थाने से चंद मीटर की दूरी पर ही अंजाम दी गई। बाइक के समस्त दस्तावेज बाइक में ही थे। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है।