शिक्षक करेंगे शिविरों का बहिष्कार, सेवा नियमों के खिलाफ जयपुर में रैली
एजुकेशन रिपोर्टर. जयपुर | दो शिक्षक संगठनों की ओर से सोमवार को अपनी मांगों को लेकर अलग अलग आंदोलन किया जाएगा। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ सोमवार से शुरू हो रहे तृतीय श्रेणी शिक्षकों के आवासीय प्रशिक्षण शिविरों का बहिष्कार करेगा। साथ ही जिला कलेक्टरों को ज्ञापन देकर शिविरों को गैर आवासीय करने की मांग करेगा। संघ के प्रदेशाध्यक्ष शशिभूषण शर्मा का कहना है कि शिक्षा विभाग आवासीय शिविर आयोजित करने पर हठधर्मिता अपना रहा है, जबकि इस भीषण गर्मी में शिविरों को आवासीय करने का कोई औचित्य नहीं है। शिविरों में करीब 1 लाख शिक्षिका और 50 हजार शिक्षकों के प्रशिक्षण की तैयारी है। शिक्षिकाओं की इतनी बड़ी तादात के बावजूद शिविरों में माकूल इंतजाम नहीं है। पिछले साल भी ऐसा ही हुआ था और एक शिक्षक की मौत हो गई थी। उनकी मांग है कि विभाग को अपने निर्णय पर पुनर्विचार करके इनको गैर आवासीय करे। उधर, संस्कृत शिक्षा में सेवा नियमों के संशोधनों को वापस लेने की मांग को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की संस्कृत बचाओ संघर्ष समिति की ओर से 22 गोदाम पुलिया से सुबह 10:30 बजे ज्योति नगर टी प्वाइंट तक रैली निकाली जाएगी। इसमें प्रदेशभर से शिक्षक शामिल होंगे। संघर्ष समिति के संयोजक सियाराम शर्मा का कहना है कि संस्कृत शिक्षा में जो नियम लागू किए गए हैं वो शिक्षा और शिक्षकों के हित में नहीं है।