महेंद्रगढ़ | सतनाली के किसानों व आढ़तियों की शिकायत पर जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। डीएफएससी योगेंद्र यादव के सस्पेंड होने के बाद अब जिले के डीएफएससी का कार्यभार रेवाड़ी के डीएफएससी संभालेंगे।
बता दें कि समर्थन मूल्य पर सतनाली अनाज मंडी गेहूं की शुरू हुई खरीद प्रक्रिया के बाद से ही यहां के व्यापारियों व किसान खरीद में भारी गोलमाल होने का आरोप लगा रहे थे। अपनी इसी शिकायत के चलते सतनाली के व्यापारी व किसान शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा से मिले थे। इस पर शिक्षा मंत्री ने सतनाली मंडी का चार अप्रैल को निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों ने मंत्री को फिर शिकायत की। इस पर मंत्री ने मौके पर ही खरीद कार्य के इंचार्ज विभाग के निरीक्षक ध्यान सिंह को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए थे। बताया जा रहा है कि निरीक्षक के सस्पेंड होने के बाद मंडी में खरीद प्रक्रिया सुचारू नहीं चली। किसानों को अपना गेहूं बेचने के लिए कई -कई दिन मंडी में रुकना पड़ रहा था। ना समय पर उठान हो रहा था। इस पर मंडी के आढ़ती फिर शिक्षा मंत्री से उनके आवास पर 17 मई को मिले। इस दौरान मंत्री ने शिक्षा मंत्री ने खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री करणसिंह कंबोज सहित विभाग के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर व्यवस्था को सुधारने की बात कही। इसी शिकायत के आधार पर डीएफएससी योगेंद्र सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश 18 मई को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी रामनिवास ने जारी किए हैं। साथ ही रेवाड़ी डीएफएससी अशोक कुमार को नारनौल का एडिशनल चार्ज के आदेश दिए।