शहर के सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी है। इधर, अब नगर परिषद अधिकारियों ने मार्केट प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई का जिम्मा संभालने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार संगठनों की ओर से आश्वासन दिया गया है कि इसके लिए वह सभी दुकानदारों को जागरूक करेंगे और प्रतिदिन स्वच्छता अभियान चलाकर शहर को गंदगी से मुक्त रखेंगे। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था में उत्पन्न हुए अवरोध पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर बाजार में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो ग्राहकों का आवागमन प्रभावित हो सकता है।
नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार ने सभी मार्केट प्रधानों से आग्रह किया कि सफाई जैसे मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीति ठीक नहीं है। यह एक ऐसा विषय है जो सीधे-सीधे सभी लोगों के स्वास्थ्य व दिनचर्या से जुड़ा हुआ है। ऐसे में सभी मार्केट प्रधान एकजुट होकर अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करेें और स्वच्छता बनाए रखें।
फोटो खिंचाने वाले नेता दिखाई नहीं देते : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने सोमवार को समर्थन दिया तथा भाजपा सरकार इस मुद्दे पर घेरा। कहा कि मासिक वेतन 18 हजार किया जाए तथा विभाग में भर्तियां की जाए। कहा कि स्वच्छता अभियान के दौरान तो सफाई के नाम पर भाजपा नेताओं ने खूब फोटो खिंचवाई, लेकिन जब प्रदेश में गंदगी फैली हुई है तो भाजपा नेता दिखाई तक नहीं देते।
भाजपा पदाधिकारी भी आखिर उतरे सफाई करने : सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह गंदगी फैल रही है। सामाजिक संगठन व स्थानीय लोग खुद सफाई करने आगे आ रहे हैं। आखिर भाजपा पदाधिकारियों ने भी भूमिका निभानी शुरू की है। सोमवार को पार्टी जिलाध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ खुद सफाई कर कूडा उठाया। पालीवाल ने कहा कि यह अभियान जारी रहेगा। हालांकि भाजपा जिला महामंत्री अमित यादव व प्रियंका यादव सहयोगियों के साथ सफाई मुहिम लगातार चला रहे हैं।
रेवाड़ी. हड़ताल के 13वें दिन नगर परिषद के बाहर धरने पर बैठे सफाईकर्मियों को संबोधित करते पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह।