रेवाड़ी-नारनौल रोड पर गांव पाडला के निकट हरियाणा रोडवेज की 3 बसों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। तीनों ही बसें नारनौल डिपो की थी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बसों के सामने से परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक बस के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 30 से ज्यादा लोगों को चोटें आईं, जिनमें से दो अन्य लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। खोल थाना प्रभारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि शुरूआती जांच के बाद आमने-सामने भिड़ी दोनों बसों के चालकों मृतक रोशनलाल और सतीश के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।
ओवरटेक कर संभलने से पहले आमने-सामने भिड़े
शनिवार को नारनौल डिपो की एक बस सवारियां लेकर दिल्ली से रेवाड़ी होते हुए नारनौल जा रही थी। इस को रोहतक जिला के गांव खरैटी निवासी चालक रोशन लाल (50) चला रहा था। कुंड के पास इस बस के आगे एक और बस चल रही थी, जो कि नारनौल ही जा रही थी। कुंड से आगे निकलने के बाद गांव पाडला के पास रोशन लाल ने आगे चल रही बस को ओवरटेक कर लिया। इसी दौरान सामने से नारनौल डिपो का चालक अलवर जिला के हुडिया निवासी सतीश (26) बस में सवारियां लेकर रेवाड़ी आ रहा था। ओवरटेकिंग के बाद संभलने से पहले ही अचानक दोनों बसों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। अचानक हादसे से पीछे आ रही तीसरी बस भी इन बसों से जा टकराई।
आमने-सामने टकराने वाली बसों की टक्कर इतनी जोरदार थी दोनों बसों का चालक की तरफ का हिस्सा पूरी तरह बिखर गया। इसमें राेशन लाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतीश ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे रेफर कर शहर के पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन पहले से ही टखनों के पास से दोनों पैर बुरी तरह कुचले जाने के चलते हालत बेहद नाजुक थी। अस्पताल डायरेक्टर डॉ. एसके शर्मा ने बताया कि उसे काफी ब्लड भी चढ़ाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। 30 से ज्यादा सवारियां घायल हो गईं। जिन्हें ट्रॉमा सेंटर व अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इधर, जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने भी ट्रॉमा सेंटर में पहुंचकर घायलों का हाल जाना। डीएसपी गजेंद्र कुमार, डीएसपी सतपाल और डीएसपी सुरेश हुड्डा मौके पर मौजूद रहे।
हादसे की भयावह तस्वीर
रेवाड़ी. रेवाड़ी-नारनौल मार्ग पर कुंड के पास 3 रोडवेज बसों की टक्कर में घायलों को बस से बाहर निकालते लोग।
बसों में लगे हैं स्पीड गवर्नर
नारनौल डिपो के वर्क्स मैनेजर अनीत कुमार का दावा है कि हर बस में स्पीड गवर्नर लगे हैं। लगातार चेकिंग होती है। चालकों की भी काउंसलिंग करते हैं तथा रोड सेफ्टी कार्यक्रम भी आयोजित करते हैं। घटना दुखद है, इससे सबक लेने की जरूरत है।
एेसे टकराईं तीनों बसें
सतीश ने 15 दिन पहले ही की थी ड्यूटी ज्वाइन
हादसे का शिकार हुई बसों का एक चालक सतीश कम अनुभवी था। हाल में हुई चालक भर्ती में उसका नंबर आया था तथा उसने 15 दिन पहले ही रोडवेज विभाग में ड्यूटी ज्वाइन की थी। जबकि चालक रोशन लाल लंबे समय से रोडवेज में कार्यरत था। पहले वह चरखी दादरी में कार्यरत था तथा सालभर पहले बदली होकर नारनौल आया था।
कंडक्टर बोला
चालक रोशन लाल के साथ बस में मौजूद नारनौल के मोखुता निवासी कंडक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि रोशन लाल बस काे चला रहा था और मैं आगे ही बोनट के पास वाली सीट पर बैठा हुआ था। बस ने ओवरटेक किया, मगर सब ठीक चलता रहा। अचानक ही सामने से दूसरे रोडवेज से टक्कर हो गई। कुछ समझ पाते उससे पहले मैं टक्कर से टूटे सामने के शीशे में से बाहर जा गिरा और नीचे दब गया। लोग बाहर निकाल रहे थे, फिर कुछ याद नहीं। सीधा अस्पताल में था।
अचानक बसें टकराई, मैं शीशे में से बाहर जा गिरा फिर मुझे याद नहीं...
7 एंबुलेंस में घायल लाए गए, स्टाफ रहा अलर्ट
हादसा बेहद दर्दनाक था। बच्चे और औरतों के बिलखने की आवाजें और हाहाकार हृदय कंपाने वाला मंजर था। मौके पर करीब 7 एंबुलेंस पहुंची तथा घायलों को अस्पतालों तक भिजवाया गया। इनमें चालक सतीश, रोशनी देवी, दलीप व एक अन्य को रेफर कर दिया गया। इसके अलावा भी कुछ की हालत गंभीर बनी हुई थीं। अस्पताल का पूरा स्टाफ अलर्ट रहा।