रलावता में सैनिक एकेडमी के लिए 10 कराेड़ रुपए स्वीकृत
महाराव शेखाजी निर्वाण स्थल रलावता में बुधवार को महाराव शेखाजी का 530वां निर्वाण दिवस राजस्थान विधानसभा के उपाध्यक्ष व महाराव शेखा संस्थान के अध्यक्ष राव राजेंद्रसिंह शेखावत की अध्यक्षता में मनाया गया। महाराव शेखा संस्थान के सचिव संपतसिंह धमोरा ने बताया कि इस अवसर पर रलावता में राजस्थान की पहली सैनिक प्रशिक्षण एकेडमी बना की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व विधानसभा के उपाध्यक्ष राव राजेंद्रसिंह शेखावत का लोगों ने आभार जताया।
इस मौके पर राव राजेंद्रसिंह शाहपुरा ने बताया कि रलावता में सैनिक प्रशिक्षण एकेडमी के लिए सरकार ने 10 करोड़ रुपए आवंटित कर दिए हैं तथा जल्दी ही सीएम राजे द्वारा इसका शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ करवाया जाएगा। उन्होंने ये भी बताया कि रलावता में खुलने वाली एकेडमी से पूरे प्रदेश के सभी समुदायों के नवयुवक सैनिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने महाराव शेखाजी के बारे बताया कि शेखाजी शेखावाटी के संस्थापक, सांप्रदायिक सद्भाव के प्रतीक एवं नारी सम्मान के रक्षार्थ प्राणोत्सर्ग करने वाले महान योद्धा थे। उनका प्रतिवर्ष अक्षय तृतीया पर निर्वाण दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर पूर्व आरपीएससी सदस्य शिवपालसिंह नांगल, पूर्व अतिरिक्त जिलाधीश गोवर्धनसिंह दिवराला, कोषाध्यक्ष शिवनाथसिंह पचार, डॉ. श्रद्धा चौहान, उपाध्यक्ष जयसिंह बिडोली, बाबूसिंह बाजौर, पलसाना मंडी चेयरमैन प्रभुसिंह शेखावत, जालिम सिंह हुडील सहित सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, चूरू, नागौर आदि कई जगहों से सभी जाति व संप्रदाय के लोगों ने भाग लिया।
फतेहपुर| कस्बे में राजपूत सभा द्वारा महाराव शेखाजी का निर्वाण दिवस मनाया गया। आयोजक श्री राजपूत महासभा तहसील अध्यक्ष प्रभुसिंह कारंगा ने बताया कि प्रताप राजपूत छात्रावास में महाराव शेखाजी का 530वां निर्वाण दिवस मनाया गया। वक्ताओं ने महाराव शेखाजी के आदर्शों पर चलने तथा समाज को संगठित करने तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कल्याणसिह, केशरसिंह, प्रतापसिह नारी, राहुल चौहान, बजरंगसिंह व नरपतसिंह आदि मौजूद थे।
रैवासा. रलावता में जानकारी देते विधानसभा के उपाध्यक्ष शेखावत।
फतेहपुर. महाराव शेखाजी को निर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि देते हुए।