माकपा की बैठक में लिया निर्णय , किसानों की मांगों को लेकर आमसभा 1 मई को
रींगस| बाईपास मार्ग पर स्थित रामेश्वर कॉलोनी के किसान सभा भवन में सोमवार को माकपा तहसील कमेटी की बैठक संपन्न हुई। अध्यक्षता का. सागरमल धायल ने की। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर किसानों की अनेक मांगों को पूरी करवाने के लिए एक मई को कृषि मंडी सीकर में आयोजित होने वाली आमसभा को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। तहसील सचिव का. सुभाष नेहरा ने बताया कि विशाल रैली को सफल बनाने के लिए सभी गांव व ढाणियों में जनजागरण जत्थे से आमजन को जागृत किया जाएगा। रैली के माध्यम से किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू करने, जिले को नगर से जोड़ने आदि मांगों को पूरा करवाने पर जोर दिया जाएगा। पर्यवेक्षक का. हरफूलसिंह दांतारामगढ़ ने आगामी विधान सभा चुनावों की रणनीति पर विचार प्रकट किए। इस अवसर पर तहसील प्रवक्ता का. सूरजभान सिंह धायल सहित तहसील के पदाधिकारी, सदस्य व कार्यकर्ता उपस्थित थे।