पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सरगोठ के ग्रामीणों ने चिकित्सक व कर्मचारियों पर लगाया स्वास्थ्य केंद्र में नहीं रुकने का आरोप

सरगोठ के ग्रामीणों ने चिकित्सक व कर्मचारियों पर लगाया स्वास्थ्य केंद्र में नहीं रुकने का आरोप

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सरगोठ ग्राम के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंगलवार को चिकित्सक व कर्मचारियों के समय पर नहीं आने व ग्राम में नहीं रुकने के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया तथा चिकित्सा विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायत करते हुए समस्या समाधान की मांग की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान मालीराम मीणा ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा प्रभारी डॉ. पल्लवी चौधरी सहित सात कर्मचारियों का स्टाफ है, लेकिन चिकित्सक व कर्मचारी मौके पर नहीं मिलते। एक दो कर्मचारी रहते हंै जो चिकित्सक के अभाव में इलाज नहीं कर पाते। अधिकारी व कर्मचारी चार-पांच दिन में एक बार आते हैं और रजिस्टर में एक साथ हाजरी लगाते हैं। ऐसे में ग्रामवासियों को धन व समय की बर्बादी के साथ कष्ट सहन करते हुए अन्यत्र जाकर इलाज करवाना पड़ रहा है। कर्मचारी अलग-अलग स्थानों से अपडाउन करते हैं। ऐसे में रात के समय डिलेवरी व अन्य बीमारी होने पर लोगों को वाहन किराए पर लेकर इलाज के लिए दूर जाना पड़ रहा है। इन समस्याओं की लगातार शिकायतें करने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। ऐसे में ग्रामवासियों के पास आंदोलन के अलावा दूसरा रास्ता नहीं है। समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूर होकर वृहद स्तर पर आंदोलन करना पड़ेगा।

शंकरसिंह शेखावत ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में टेंडर पर सफाई के लिए एक व्यक्ति को लगा रखा है। उसका भुगतान नहीं करने पर सफाई करने कोई नहीं आ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पशुओं का जमावड़ा लगा रहा है। साथ ही गंदगी जमा हो गई है। इसी तरह रमेश कुमार निवासी बलाइयों का मोहल्ला सरगोठ से स्वास्थ्य केंद्र में बिजली फिटिंग का कार्य करवाया था। उसे 2400 रुपए का चेक तो दे दिया, लेकिन साढ़े तीन हजार रुपए के लिए नौ माह से चक्कर लगवा रहे हंै। उच्चाधिकारियों के समक्ष शिकायत करने पर भुगतान करने से मना कर दिया जो मानवता के नाते गलत है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पूरण सिंह, शैतान सिंह, श्यौपाल सिंह जाट, सुनील मीणा, लालचंद यादव, किशन सिंह, रमेश कुमार बलाई सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

ब्लॉक सीएमओ डॉ. जेपी सैनी ने बताया कि सरगोठ ग्राम के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों व कर्मचारियों की शिकायत आई हुई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही शिकायत की जांच करवाई जा रही है। ओर भी शिकायत आएगी तो उसकी प्रमुखता से जांच करवाकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। इधर, मामले में राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरगोठ की चिकित्सा अधिकारी डॉ. पल्लवी चौधरी ने बताया कि वह स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित समय पर आती हैं। ग्राम में किसी रोगी को देखने के लिए भी जाना पड़ता है। वे ग्राम में ही कमरा किराए लेकर सेवाएं दे रही हैं। दो-चार दिन से आने जैसी कोई बात नहीं है।

सरगोठ पीएचसी पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, बोले-डॉक्टर नहीं आते

रींगस. सरगोठ ग्राम के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रद्रर्शन करते ग्रामवासी।

खबरें और भी हैं...