रींगस में पेयजल किल्लत, ज्ञापन सौंपा
कस्बे के अधिकतर वार्डों में करीब एक माह से पेयजल संकट है। रविवार को लोगों ने मटके फोड़कर आक्रोश जताया तथा जलदाय अधिकारियों पर लगातार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं करने के आरोप लगाए। समय रहते समस्या का समाधान नही होने पर लोगों ने प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। श्यामजी का मोहल्ला निवासी बजरंग लाल कुमावत आदि ने बताया कि धायल अस्पताल के सामने से श्यामजी मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग वाली कॉलोनी में करीब एक माह से पेयजल किल्लत है। समाधान नहीं होेने पर कॉलोनी की महिलाओं ने मटके फोड़कर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो जलदाय विभाग के कार्यालय में पहुंचकर अधिकारियों का घेराव कर प्रदर्शन करेंगें। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नौ की न्यू कॉलोनी निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता मूलचंद जांगिड़ ने बताया कि कॉलोनी में कई दिनों से पेयजल समस्या है। लगातार जलदाय विभाग को शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। पार्षद विष्णु गंगावत ने बताया कि पालिका क्षेत्र के अधिकतर वार्डों में पेयजल समस्या बनी हुई है। क्षेत्र के अधिकारियों सहित जिले के उच्चाधिकारियों को भी समस्या को लेकर जानकारी दी गई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। इससे मजबूर होकर पानी के टैंकर डलवाकर भीषण गर्मी में प्यास बुझाने पर लोग मजबूर हो रहे हंै।