भास्कर संवाददाता | पादूकलां
राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील उपशाखा रियां बड़ी का वार्षिक अधिवेशन बीआरसीएफ भवन में व्याख्याता मोतीराम माकड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान सम्मेलन में शिक्षक नेताओं ने संयुक्त कर्मचारी महासंघ की 7 सूत्री मांगें अतिशीघ्र पूरी करने की सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर संघ को बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।
मौसम की प्रतिकूलता को देखते हुए शिक्षकों के आवासीय प्रशिक्षण िशविरों को गैर आवासीय रखे जाने की मांग पर जोर दिया। वहीं इस सम्मेलन में उपशाखा की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
जिसमें दुर्गाराम चौधरी को सर्वसम्मति से पुनः अध्यक्ष चुना गया। संघ के चुनाव पर्यवेक्षक रामकरण बडियासर व शिवजीराम मूवाल की देखरेख में संपन्न हुए। इस मौके पर तुलछाराम सांगवा, मोतीराम कलवाणियां, रामलाल भंवरियां, रामगोपाल सांखला, संगीता जोशी आदि मौजूद थे।